मुरादाबाद- मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने मुरादाबाद मंडल में भाजपा प्रशिक्षण वर्ग में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित कर भाजपा सरकार की जनहितैषी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया।
प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ द्वारा मंत्रिमंडल की बैठक में दिए गए निर्देशों के क्रम में मुजफ्फरनगर सदर विधानसभा सीट से विधायक एवं प्रदेश सरकार में स्वतंत्र प्रभार मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने आज मुरादाबाद मंडल का दौरा किया। उन्होंने मुरादाबाद सर्किट हाऊस पर मुरादाबाद मंडल के विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर उन्हें आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
कपिल देव ने कहा कि प्रदेश सरकार ने प्रदेश का कायाकल्प किया है। केंद्र व प्रदेश सरकार ने गरीब, किसान मजदूरों, निराश्रित व्यक्तियों के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाएं संचालित की हैं जिनका सीधा लाभ उन्हें मिल रहा है। कानून, स्वास्थ्य व्यवस्था सहित अन्य सुविधाओं को बेहतर किया गया है। इसके साथ ही अराजकतत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए भयमुक्त वातावरण कायम किया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने जनता के लिए जमकर काम किए और इससे पहले कि सरकारें केवल कोरा वादा ही करतीं थीं।
मंत्री कपिल देव ने संगठन के निर्देशानुसार जनपद संभल एवं रामपुर के भाजपा प्रशिक्षण वर्ग में उद्घाटन सत्र को सम्बोधित किया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार अंत्योदय के आधार पर काम कर रही है यानि पंक्ति के अंतिम छोर पर खडे व्यक्ति तक सभी योजनाओं की पहुंच। कपिल देव बताया कि केंद्र व प्रदेश में भाजपा की सरकार गरीबों के उत्थान के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। बिजली, पानी से लेकर राशन, मकान तक जनता के हित में अनेकों योजनाएं चलाई जा रही है। उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए सरकार की सभी योजनाओं के बारे में जन जागरूकता फैलाने और पात्र लोगों को लाभान्वित कराने का आह्वान किया। उन्होंने मुरादाबाद मंडल में प्रवास के दौरान मुरादाबाद, संभल व रामपुर में कार्यकर्ता बंधुओं द्वारा किए गए स्वागत के लिए उनका आभार प्रकट किया।
– भगत सिंह