बरेली। राज्यसभा सांसद रामजी लाल सुमन पर हुए हमले के विरोध में सपाइयों ने गुरुवार को सेठ दामोदर स्वरूप पार्क में धरना देकर प्रदर्शन किया। पांच घंटे प्रदर्शन के बाद सपाई नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे, जहां उन्होंने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट राजीव शुक्ला को सौंपा। धरने को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष शिवचरन कश्यप ने कहा कि, आए दिन उत्पीड़न, हत्या, लूट, महिलाओं के साथ ज्यादती की घटनाएं हो रही हैं। अपराधियों के हौंसले बुलंद हो रहे हैं। सरकार कानून का शासन नहीं स्थापित कर पा रही है। प्रदेश महासचिव एवं विधायक बहेड़ी अताउर रहमान ने कहा कि काफी समय से सांसद रामजी लाल सुमन को करणी सेना जान से मारने की धमकी दे रही है। आरोप लगाया कि इसके बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की गई है। इससे लग रहा है कि उन्हें संरक्षण दिया जा रहा है। बाबा साहेब की ओर से बनाए संविधान में भाजपा की कोई आस्था नहीं है। पीडीए समाज में उत्पीड़न की घटनाओं में तेजी आई है। महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी, पूर्व सांसद वीरपाल सिंह यादव, पूर्व विधायक भगवत सरन गंगवार, महिपाल सिंह यादव, पंडित आरके शर्मा, विजय पाल सिंह, प्रदेश सचिव मलखान सिंह यादव, प्रदेश सचिव शुभलेश यादव, डॉ. नेहा यादव, महिला सभा जिलाध्यक्ष स्मिता यादव, राजेश्वरी यादव, संजीव यादव, मुकेश मिश्रा, अशफाक चौधरी, अमित गिहार, शिवम प्रजापति, खालिद राना, नवीन कश्यप, सुरेश गंगवार, मनोहर गंगवार, नईम कुरैशी आदि मौजूद रहे।।
बरेली से कपिल यादव