बरेली। बारिश मे बिजली संकट लगातार गहराता जा रहा है। सनसिटी और महानगर क्षेत्र में बुधवार रात 8:30 बजे 33केवी की लाइन में फाल्ट हो गया। इससे पूरी रात बिजली संकट बना रहा। लगातार बिजली गुल रहने से उपभोक्ताओं ने महानगर और सनसिटी सबस्टेशन पर पहुंचकर हंगामा किया। हंगामे की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और लोगों को शांत किया। गुरुवार सुबह पांच बजे आपूर्ति बहाल हुई। हुई। इसके बाद दिन में शटडाउन लेने से आपूर्ति बाधित हो गई तो फिर महानगर स्टेशन पर लोगों ने हंगामा किया। बुधवार रात महानगर और सनसिटी सबस्टेशन की 33 केवी की लाइन ब्रेकडाउन में होने से महानगर, आशुतोष सिटी, वीरसावरनगर, बन्नूवाल नगर, रामायण वाटिका कालोनी, मुंशीनगर, आकांक्षा इंक्लेव, ट्यूलिप गार्डन, छोटी विहार, पीरबहोड़ा, कुर्मांचलनगर आदि क्षेत्र में बिजली गुल हो गई। उपभोक्ताओं ने जब पता किया तो बताया गया कि 12 बजे तक आपूर्ति बहाल हो जाएगी, लेकिन उसके बाद भी आपूर्ति बहाल नही हुई तो उपभोक्ताओं का सन्न जवाब दे गया। जिसके बाद नाराज उपभोक्ता सनसिटी और महानगर सबस्टेशन पर हंगामा करने के लिए पहुंच गए। सनसिटी सबस्टेशन पर लगातार बिजली गुल होने पर भाजपा पार्षद नरेंद्र सिंह भी सबस्टेशन पर पहुंच गए। उसके बाद सपा के प्रवक्ता मयंक शुक्ला भी पहुंच गए। उन्होंने हंगामा कर लोगों से कहा कि इस क्षेत्र से हर चुनाव मे भाजपा को सबसे अधिक वोट मिलते हैं। इसलिए यहां बिजली कटौती भी अधिक की जा रही है। जिसके बाद सबस्टेशन पर तैनात कर्मचारियों ने उच्च अधिकारियों को हंगामे की सूचना दी। अधिकारियों की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई पुलिस ने हंगामा कर रहे लोगों को किसी तरह से शांत कराया। उसके बाद सुबह 5 बजे आपूर्ति बहाल हो सकी।।
बरेली से कपिल यादव