फरीदपुर, बरेली। बीएलओ ड्यूटी करके घर जा रहे सहायक अध्यापक की बाइक मे अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर घायल हो गए। उन्हें बरेली के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सिर में गंभीर चोट लगने की वजह से उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। परिजनों ने बीएलओ ड्यूटी की वजह से डिप्रेशन में होने का आरोप लगाया है। थाना फरीदपुर क्षेत्र के गांव डगरोली में रहने वाले मोर सिंह यादव हरेली प्राथमिक विद्यालय में सहायक अध्यापक है। प्रशासन ने उनकी फरीदपुर नगर क्षेत्र में बीएलओ ड्यूटी लगाई है। शनिवार शाम करीब छह बजे मोर सिंह छंगामल मोंटेसरी स्कूल में एसआईआर फार्म फीडिंग का काम निपटाकर घर जा रहे थे। कंजा की जयारत के पास अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। वह बीच सड़क पर जा गिरे। सिर में गंभीर चोटें आने के साथ कई पसलियां टूट गई। लोगों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मोर सिंह यादव को बरेली के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना पर पहुंचे परिवार वालों ने बताया कि बीएलओ ड्यूटी लगने के बाद से वह देर रात में घर लौट रहे थे। काम का दबाव होने की वजह से वह डिप्रेशन थे। इसी वजह से हादसे का शिकार हो गए।।
बरेली से कपिल यादव
