मीरगंज, बरेली। थाना मीरगंज क्षेत्र के गांव दियोसास मे 50 वर्षीय राजमिस्त्री की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। रविवार की सुबह साढ़े छः बजे करमपुर और सिरोधी अंगदपुर गांव के बीच जंगल में सड़क किनारे उसका शव पड़ा मिला है। करमपुर के ग्रामीणों ने पुलिस को शव पड़े होने की सूचना दी। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने मृतक की पहचान कर उसके परिजनों को सूचना दी। इस बात का पता चलते ही परिवार मे कोहराम मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आपको बता दे कि मृतक महेंद्रपाल शनिवार की शाम करीब आठ बजे से लापता था। परिजनों ने देर रात तक उसकी तलाश भी की थी। जानकारों ने बताया कि उसकी बहन सिरोधी अंगदपुर गांव मे है। वहां से शनिवार की रात्रि साढ़े आठ बजे बाइक से घर वापस गया था। उसके बाद उसका कुछ पता नहीं चला। उसके परिवारजनों ने उसको तलाशा लेकिन वह नही मिला था। रविवार की सुबह करमपुर के ग्रामीणों ने दियोसास गांव मे फोन कर अज्ञात शव के बारे मे सूचना दी। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने शव की पहचान महेंद्रपाल पुत्र शिवचरन के रूप मे की थी। इसके बाद उन्होंने घटना की जानकारी उसके परिजनों को दी। वही बेटे की मौत से परिजनों का बुरा हाल बना हुआ है। मृतक के पिता वन विभाग से रिटायर है। उन्होंने बताया कि महेंद्र के शरीर पर मामूली चोट के निशान थे। महेंद्र का शव गांव से करीब एक किमी दूर करमपुर और सिरोधी अंगदपुर गांव के बीच खेत किनारे सड़क पर पड़ा मिला। परिजनों का कहना है कि महेंद्र की किसी से कोई रंजिश नही थी। उन्होंने शरीर पर चोट के निशान के चलते हत्या की आशंका जताई है। अब ये तो पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही मालूम हो पायेगा। वही थाना प्रभारी दयाशंकर का कहना है कि हो सकता है युवक का हार्टफेल हो गया हो। मुंह के बल गिरने से चेहरे पर निशान हो। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उसकी रिपोर्ट के आधार पर निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी। वही आसपास के लोगों की मानें तो मृतक की हत्या की आशंका जता रहे हैं। बताया कि अवैध संबंधों के चलते इसकी हत्या की गई है। अब पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही खुलासा हो पायेगा।।
बरेली से कपिल यादव