शाही मे एक और महिला की साड़ी से फंदा लगाकर हत्या, गन्ने के खेत में मिला शव, पुलिस के सामने खुलासे की चुनौती

शाही, बरेली। जनपद के थाना शाही क्षेत्र के गांव बुझिया जागीर मे शेरगढ़ के हौसपुर निवासी सोमपाल की पत्नी अनीता (45) की हत्या कर शव गन्ने के खेत में फेंक दिया गया। मंगलवार की शाम को एक ग्रामीण ने शव देखा तो पुलिस को सूचना दी गई। प्राथमिक तौर पर हत्या वैसी ही बताई जा रही है, जैसे पिछले साल नौ महिलाओं को मारा गया था। साड़ी से ही महिला का गला कसा गया है। लूट के लिए हत्या की आशंका भी जताई गई है। अब महिला को सीरियल किलर ने मारा या लूट के लिए हत्या की गई। इसका खुलासा पुलिस के लिए चुनौती है। मृतका के बेटे राजीव ने बताया कि उनकी मां अनीता सोमवार को अपने मायके फतेहगंज पश्चिमी के गांव खिरका गई थी। वह खुद साइकिल से मां को बुझिया माइनर तक छोड़कर आया था। वहां से मंगलवार सुबह 11 बजे वह घर लौटने की बात कहकर निकली थी। इसके बाद यह घटना हो गई। राजीव ने बुधवार को अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पति सोमपाल के मुताबिक अनीता का बैंक खाता बैंक ऑफ बड़ौदा की फतेहगंज पश्चिमी शाखा में है। कुछ रुपया फिक्स डिपाजिट भी कर रखा है। अनीता कुछ महीने बाद जाकर बैंक से रुपये का लेनदेन करती थीं। आशंका जताई कि हो सकता है कि अनीता ने बैंक जाकर रुपये निकाले हो और उन्हीं रुपयों की खातिर उसकी हत्या की गई हो। हालांकि, पासबुक पर नई प्रविष्टि दर्ज नही होने से इसे लेकर असमंजस बना। वही शाही व शीशगढ़ थाना क्षेत्र मे पिछले साल सिलसिलेवार नौ महिलाओं की हत्या की गई थी जो पुलिस के लिए आज भी सिरदर्द बनी हुई हैं। गांव लखीमपुर की महमूदन, कुल्छा की धानवती, सेवा ज्वालापुर की वीरावती, खजुरिया निवासी कुसुमा देवी, शाही के मुबारकपुर की शांति देवी, आनंदपुर की प्रेमवती, मीरगंज थाना क्षेत्र के गांव गूला की रेशमा व शाही के खरसैनी की दुलारी देवी की पांच महीने में जान चली गई थी। अधिकतर महिलाओं के गले में फंदा कसा मिला था। कुछ के शव खराब हो चुके थे तो पुलिस ने विसरा रिपोर्ट के बहाने हत्या की बात खारिज कर दी। एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि शाही में महिला का शव मिला है। उसकी हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुराने मामलों से इसका जुड़ाव तो नहीं है, इसकी भी जांच कराई जाएगी।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *