बरेली। सोमवार को ब्लॉक सभागार में नए मतदाता बनाने को लेकर बैठक हुई। जिसमें कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि कोटेदार, रोजगार सेवक, आंगनबाड़ी व पंचायत सहायक सभी वोट बनवाने में बीएलओ की मदद करें। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि एसआईआर मे बरेली जनपद प्रदेश मे पांचवें स्थान पर है। हमें एसआईआर के द्वितीय चरण में और मेहनत कर अपने जनपद को प्रदेश में प्रथम स्थान दिलवाना है। उन्होंने कहा कि इस समय विधानसभा के साथ ग्राम पंचायत के भी वोटर बनाए जा रहे है। जिसमें ग्राम प्रधान विधानसभा के वोटर बनवाने में रुचि नही ले रहे है। जिन लोगों के विधानसभा चुनाव के लिए वोट बनेंगे उन्हीं को पहचान पत्र दिया जाएगा। उन्होंने गांव-गांव स्वयं सहायता समूहों का बड़े पैमाने पर गठन करने की भी अपील की, जिससे गांव की महिलाएं सरकारी अनुदान लेकर रोजगार शुरू कर आत्मनिर्भर बन सकें। एसडीएम आंवला विदुषी सिंह एवं ब्लाक प्रमुख यशवंत सिंह ने भी एसआईआर के कार्य को गहनता से करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में बाल विकास परियोजना की ओर से कैबिनेट मंत्री द्वारा दो गर्भवती महिलाओं की गोद भराई तथा दो बच्चों का अन्न प्रश्न कराया गया। धर्मपाल सिंह द्वारा स्वयं सहायता समूह की पांच महिलाओं पूजा यादव, नीलम सक्सेना, पूनम देवी, सहित पांच महिलाओं को लखपति दीदी बनने पर प्रमाण पत्र दिए गए। कार्यक्रम की अध्यक्षता ब्लॉक प्रमुख यशवंत सिंह ने की तथा संचालन हेमंत श्याम ने किया। कार्यक्रम के दौरान सीडीपीओ कुमुद मिश्रा पूर्ति निरीक्षक शिखा पांडे, खंड विकास अधिकारी सुनील कुमार, डॉ. सुशील कुमार गुप्ता, ग्राम पंचायत अधिकारी अभय आर्य राजदीप सिंह मौजूद थे।।
बरेली से कपिल यादव
