बरेली। वीजा विस्तार के लिए फर्जीवाड़ा करने वाले नाइजीरियन छात्र को पुलिस ने गिरफ्तार करके बुधवार को जेल भेज दिया। पुलिस ने छात्र के मोबाइल फोन और लैपटॉप को जांच के लिए फॉरेंसिक लैब भेजा है। आरोपी छात्र को कोर्ट में पेश करने से पहले आईबी और एटीएस की टीमों ने भी उससे पूछताछ कर आतंकी कनेक्शन तलाशने की कोशिश की। छात्र का कोई आतंकी कनेक्शन अब तक सामने नही आया है। उधर फर्जीवाड़ा करने मे मददगार छात्र के सूडान निवासी दोस्त की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम को गुरुवार को पंजाब रवाना किया जाएगा। सूडान का युवक पंजाब के लुधियाना स्थित सिटी यूनिवर्सिटी का छात्र है। दोनों युवकों के बारे मे खुफिया एजेंसियां भी जांच मे जुटी है। बारादरी थाने मे वीजा फर्जीवाड़े मे नाइजीरिया के छात्र यूसुफ बाला मुस्तफा और दक्षिणी सूडान के छात्र अयूब अली के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। यूसुफ बाला को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया और उससे पूछताछ की गई। पूछताछ मे सामने आया कि वह इसी साल 19 जनवरी को छात्र वीजा पर भारत आया और पंजाब के लुधियाना स्थित सिटी यूनिवर्सिटी मे 31 जनवरी को बीसीए प्रथम वर्ष मे प्रवेश लिया। उसने 19 जुलाई को रुहेलखंड विश्वविद्यालय मे बीएएचएम प्रथम वर्ष मे दाखिला कराया। उसका वीजा 23 दिसंबर 2024 से 22 दिसंबर 2025 तक वैध है। जिसे बढ़ाने के लिए उसने आवेदन किया तो गोपनीय जांच की गई और फर्जीवाड़ा पकड़ा गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है और बुधवार को उसे जेल भेज दिया गया। मददगार सूडान के छात्र की तलाश पुलिस की अब तक की जांच मे सामने आया है कि यूसुफ की मदद सूडान के छात्र ने की थी। उसने जब सिटी यूनिवर्सिटी से रुहेलखंड यूनिवर्सिटी मे एडमिशन लिया तो नियमानुसार उसे अृमतसर एफआरआरओ (फॉरेनर्स रीजनल रजिस्ट्रेशन ऑफिस) से पंजीकरण, अनुमोदन प्रमाणपत्र लेना था लेकिन उसने ऐसा नही किया था। उसने वीजा विस्तार के लिए आवेदन किया तो इससे संबंधित फर्जी दस्तावेज अपलोड कर दिया। लुधियाना से 11 फरवरी 2025 को जारी होना दिखाया गया था। इसे देखने से प्रतीत होता है कि उसमें सर्विस नंबर, यूनिवर्सिटी का नाम, कोर्स और अन्य रिकॉर्ड परिवर्तित किया गया है। पुलिस ने पूछताछ की तो पता चला कि दक्षिणी सूडान निवासी अयूब अली ने इस फर्जीवाड़े में उसकी मदद की है। वह लुधियाना की सिटी यूनिवर्सिटी में पढ़ाई कर रहा है। बारादरी पुलिस इस मामले की आगे की जांच करने और उससे पूछताछ करने के लिए लुधियाना जाने की तैयारी कर रही है।।
बरेली से कपिल यादव
