विश्व क्षयरोग दिवस पर क्षय ग्रस्त रोगियों को वितरित की गई पुष्टाहार किट

बरेली- जिलाधिकारी शिवाकान्त द्विवेदी ने कहा कि प्रधानमंत्री जी का संकल्प है कि वर्ष 2025 तक भारत को टी.बी. मुक्त किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आज के समय में चिकित्सा के क्षेत्र में बहुत ही प्रगति हो गई है।    उन्होंने मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देश दिए कि अपने स्टाफ को संचेत करें कि टी.बी. रोगी से प्रतिदिन मोबाइल पर वार्ता कर उनके स्वास्थ्य ठीक होने की जानकारी लें तथा चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि जिन संगठनों/संस्थाओं ने टीबी ग्रस्त बच्चों को गोद लिया है वे भी उस मरीज से बीच-बीच में फोन कर हाल लेते रहें। उन्होंने कहा कि सुबह की धूप हर एक व्यक्ति को लेनी चाहिए और टीबी रोगियों के लिए तो प्रातः काल की धूप बहुत ही लाभदायक होती है।
जिलाधिकारी ने आज आई.एम.ए. हाल में विश्व क्षयरोग दिवस के अवसर पर क्षय रोगियों को गोद लेने की गतिविधियों का दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग, मुख्य चित्किसाधिकारी बलवीर सिंह, क्षय रोग अधिकारी के.के मिश्रा, आई.एम.ए हाल के अध्यक्ष, डॉक्टर, संगठन/संस्था के पदाधिकारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी शिवाकान्त द्विवेदी ने सभी संगठनों/संस्थाओं से कहा कि क्षय रोगियों को गोद अवश्य लें, उन रोगियों को गोद लेने के उपरान्त उनको अपने स्तर से मदद करें। उन्होंने कहा कि जनपद को टी.बी. मुक्त करने में शासन/प्रशासन का सहयोग करें। जिलाधिकारी ने उपस्थित सभी लोगों को टी.बी. मुक्त करने की शपथ दिलाई, इसके उपरान्त गोद लिए गए क्षय ग्रस्त रोगियों को पुष्टाहार किट भी वितरित किया।

मुख्य विकास अधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग ने कहा कि जनपद को क्षय रोग से मुक्त करने का प्रण ले घर जाएं। उन्होंने कहा कि टी.बी. की दवा अस्पताल व सभी स्वास्थ्य केन्द्रों पर निशुल्क दी जा रही है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों/डॉक्टरों /संगठनों/संस्थाओं से कहा कि टी.बी. रोगियों को गोद लेते हुए उन्हें स्वस्थ होने में अपना पूर्ण सहयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *