लुटेरो की गोली से सर्राफ की मौत, आंवला मे बाजार किया बंद


* व्यापारियों ने किया मंत्री का घेराव, पुलिस के खिलाफ फूटा गुस्सा

बरेली। जनपद के आंवला क्षेत्र मे पांच दिन पहले लुटेरों की गोली का शिकार हुए आंवला के सराफा व्यापारी श्रीकांत पाटिल ने शहर के निजी अस्पताल में मंगलवार को दम तोड़ दिया। घटना में आंवला इंस्पेक्टर की भूमिका को लेकर स्थानीय व्यापारियों मे आक्रोश है। व्यापार मंडल के आवाह्न पर घटना के विरोध मे बुधवार को आंवला का पूरा बाजार बंद है। व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। वही मृतक व्यापारी के घर पर पहुंचे पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह का घेराव किया गया। व्यापारियों ने मंत्री से कोतवाल को हटाने की मांग की। इस पर मंत्री ने कार्रवाई कराने का भरोसा दिलाया था। उधर मामले मे एसएसपी अनुराग आर्य ने चार टीम गठित करके खुलासे मे लगाई है। एसएसपी ने व्यापारियों को जल्द खुलासे का भरोसा दिलाया है। आंवला कस्बे के मोहल्ला बाग बख्शी इफको कॉलोनी मे रहने वाले 44 वर्षीय श्रीकांत पाटिल उर्फ मराठा मोहल्ला पक्का कटरा मे सुनारी का कारोबार करते थे। गुरुवार को वह अपने निर्माणाधीन मकान की रखवाली के लिए रात मे वही लेटे हुए थे। रात करीब एक बजे उनके मकान में चोरी के लिए पहुंचे तीन चोरों ने उन्हें जागते देखा तो लौट गए और फिर कुछ दूर अनुपुरा मोहल्ला मे रहने वाले सालिग राम के मकान का ताला तोड़ने लगे। बाहर निकले श्रीकांत ने उन्हें ताले तोड़ते देखा तो शोर मचाकर एक चोर को दबोच लिया। उठापटक के बीच चोर ने तमंचा निकालकर उनके पेट में गोली मार दी। इसके बाद वह फरार हो गए। परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने गंभीर हालत मे श्रीकांत को सीएचसी में भर्ती कराया था। वहां से उनको बरेली रेफर कर दिया गया। यहां एक निजी अस्पताल में उन्हें उसी दिन से वेंटिलेटर पर रखा गया था। मंगलवार रात आठ बजे पाटिल ने दम तोड़ दिया। पाटिल का परिवार कई साल पहले महाराष्ट्र से आंवला आकर बस गया था। पाटिल के परिवार में पत्नी व एक बेटा और बेटी है। वरुण अग्रवाल समेत कई व्यापारियों ने बताया कि श्रीकांत की जान पुलिस की नाकामी की वजह से गई है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *