बरेली। सरकार रेल कर्मचारियों को फ्रंट लाइन कोरोना वॉरियर्स घोषित करे। इसके लिये रेल कर्मचारियों ने सोमवार को टि्वटर ट्रेंड चलाया। ऑल इंडिया रेलवे मेंस फेडरेशन के आह्वान पर एन ई रेलवे मजदूर यूनियन द्वारा रेलवे कर्मचारियों ने अभियान चलाया। इसमें इज़्जतनगर मण्डल के साथ साथ देश भर के रेल कर्मचारियों ने हिस्सा लिया। एन ई रेलवे मज़दूर यूनियन के केंद्रीय अध्यक्ष और ऑल इंडिया रेलवे मेंस फेडरेशन के जोनल सचिव बसन्त चतुर्वेदी की देखरेख में यह कार्यक्रम चला। नरमू इज़्जतनगर के मंडल मंत्री कामरान अहमद ने बताया कि रेल कर्मचारियों ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। विशेषकर युवा वर्ग में विशेष उत्साह देखा गया। नरमू के मीडिया प्रभारी आरिफ हुसैन ने बताया कि अब सरकार की बारी है कि वह रेल कर्मचारियों की जायज मांग को देने का काम करें क्योंकि कोविड महामारी में रेल कर्मचारी अपना कर्तव्य बखूबी से निभा रहे है। नरमू के केंद्रीय अध्यक्ष बसंत चतुर्वेदी ने बताया कि फेडरेशन के महामंत्री शिव गोपाल मिश्र के आदेश पर चले इस अभियान को व्यापक समर्थन मिला। उन्होंने बढ़-चढ़कर इस कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले रेल कर्मचारियों को बधाई दी।।
बरेली से कपिल यादव