बरेली। दिल्ली मे भीषण अग्निकांड के दौरान दो छात्रों की जान बचाने वाले बरेली के सुमित यादव को राष्ट्रपति के उत्तम जीवन रक्षा पदक से सम्मानित किया जाएगा। राष्ट्रपति की ओर से पदक, प्रमाण पत्र और धनराशि दिल्ली सरकार प्रदान करेगी। 27 अप्रैल 2024 को दिल्ली के रोहिणी स्थित मिलनसार अपार्टमेंट में सुबह करीब 5:30 बजे शॉर्ट सर्किट से भयंकर आग लगी थी। जिसमें दो छात्र आर्यन गुप्ता और अनुपम कस्तूरिया फंस गए थे। बरेली के मढ़ीनाथ निवासी सुमित यादव ने दरवाजा तोड़कर जलती हुई आग में प्रवेश किया। उन्होंने अग्निशमन यंत्र के जरिए अदम्य साहस एवं वीरता का परिचय देते हुए अपने दोनों साथियों को बचाया। करीब 45 मिनट तक सुमित यादव ने आग की लपटों के बीच बचाव कार्य किया। अनुपम कस्तूरिया को शुरू मे ही निकाल दिया गया लेकिन आर्यन गुप्ता के काफी हेल्दी होने के कारण निकालने मे बहुत कठिनाई का सामना करना पड़ा। आर्यन गुप्ता को निकालते समय सुमित यादव गंभीर रूप से जख्मी हो गए थे। उनका लंबे समय तक दिल्ली और बरेली के अस्पतालों में इलाज चला। सुमित यादव की बहादुरी की प्रशंसा पूरे देश मे हुई थी। समय-समय पर सामाजिक संस्थाओं, प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने कई बार सुमित यादव को सम्मानित किया। अब राष्ट्रपति ने उनके अदम्य साहस को मान्यता देते हुए उत्तम जीवन रक्षा पदक प्रदान करने की अनुमति प्रदान की है। इस उपलब्धि पर सुमित के परिजनों और करीबियों ने खुशी जताई है।।
बरेली से कपिल यादव
