बरेली/फतेहगंज पश्चिमी। थाना क्षेत्र गांव मढ़ौली में राशन वितरण में एक किलो कटौती और राशन कार्ड बनवाने के नाम पर 2500 से 3000 रुपये मांगने की शिकायत पर सोमवार को एडीओ एग्रीकल्चर सत्यवीर सिंह जांच करने पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत कर उनके बयान दर्ज किए। ग्रामीणों ने कोटेदार नरेश कुमार पर निर्धारित मात्रा से एक किलो कम राशन देने, साबुन-सर्फ के नाम पर रुपये वसूलने और राशन कार्ड बनवाने के लिए मोटी रकम मांगने का आरोप लगाया। ग्रामीणों का कहना है कि रुपये देने के बावजूद कई लोगों के कार्ड नहीं बने है। एडीओ सत्यवीर सिंह ने बताया कि ग्रामीणों के शिकायती पत्र पर जांच की गई है। आरोपों के समर्थन में ग्रामीण साक्ष्य नहीं दे सके। जांच रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजी जाएगी। वही कोटेदार ने सभी आरोपों को निराधार बताया है।।
बरेली से कपिल यादव
