बरेली। जिले में बुधवार को मौसम ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी। सुबह से ही कोहरा छाया रहा। जिससे दृश्यता बेहद कम रही और जनजीवन प्रभावित हुआ। दिन भर सूर्य के दर्शन नही हो सके, जिसके चलते अधिकतम तापमान केवल 12.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 5.7 डिग्री कम रहा। न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। दिन मे गलन से लोगों के हाथ-पैर सुन्न हो गए। बरेली का दिन प्रदेश मे अलीगढ़ के बाद सबसे सर्द रहा। अलीगढ़ मे दिन में अधिकतम तापमान लुढ़ककर 11.8 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। बुधवार को सुबह कोहरे की हल्की चादर छाई रही लेकिन दृश्यता बीते मंगलवार के मुकाबले अधिक रही। सुबह करीब 11 बजे तक कोहरा और धुंध का असर दिखा। इसके बाद कोहरा तो छंट गया लेकिन शीतलहर के चलते लोगों को सर्दी-गलन से कोई राहत नही मिली। वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अतुल कुमार ने बताया कि सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के बाद बर्फबारी वाले पहाड़ी इलाकों से आ रही ठण्डी-शुष्क पछुआ हवाओं के चलते ठंड बढ़ गई है। प्रदेश के कई जिलों में शीत दिवस की स्थिति है। वर्तमान दौर मे जम्मू कश्मीर पर अवस्थित पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 9 जनवरी के बाद 11 जनवरी तक कोहरे के घनत्व मे कमी आ सकती है। इससे तापमान में भी इजाफा होगा और ठंड में मामूली कमी हो सकती है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि आवश्यक होने पर ही घर से निकलें और ठंड से बचाव के पूरे इंतजाम करें।।
बरेली से कपिल यादव
