शीशगढ़, बरेली। जनपद के थाना शीशगढ़ कस्बे मे शनिवार को एक घर से छह जहरीले सांप निकलने से परिवार मे दहशत फैल गई। सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सांपों का रेस्क्यू किया। महाशिवरात्रि से पहले घर में इतने सांप निकलने से मोहल्ले मे दिनभर कौतूहल बना रहा। कस्बे के मोहल्ला शरीफ नगर वार्ड नंबर 14 के निवासी मोहम्मद यासीन ने बताया कि वह पिछले कुछ दिनों से लगातार वन विभाग केअधिकारियों को सूचना दे रहे थे कि उनके घर में कई सांप है। शनिवार दोपहर बाद वन विभाग की टीम ने छह जहरीले सांप पकड़े है। मोहम्मद यासीन ने बताया कि सुबह उनके घर की बुनियाद में काले सांप दिखाई दिए। उन्होंने तुरंत वन विभाग को सूचित किया। सूचना मिलते ही वन विभाग के दरोगा छेदा लाल मौर्य और सांप पकड़ने वाले राकेश कुमार मौके पर पहुंचे। सुबह 11 बजे से शाम लगभग चार बजे तक चले रेस्क्यू में घर से छह सांप पकड़े गए। सभी सांप कोबरा प्रजाति के है। यह पहली बार नही है जब मोहम्मद यासीन के घर से सांप निकले हैं। वन विभाग के हलका दरोगा छेदा लाल मौर्य ने बताया कि कुछ दिन पहले भी इसी घर से दो जहरीले सांप पकड़े गए थे। लगातार सांप निकलने से परिवार के लोग दहशत में हैं। समाज के लोग इसे तंत्र विद्या सहित कई तरह-तरह की बातों से जोड़कर देख रहे है। वन विभाग की टीम ने बताया कि इन सांपों को फतेहगंज पश्चिमी के पास स्थित रबर फैक्टरी के जंगल मे छोड़ा जाएगा। सांप पकड़ने के रेस्क्यू ऑपरेशन को देखने के लिए मोहल्ले वासियों की भीड़ जमा हो गई थी। मोहम्मद यासीन और उनके परिवार ने वन विभाग की टीम का आभार व्यक्त किया।।
बरेली से कपिल यादव
