मनौना धाम दर्शन करने आए दंपति की कार पेड़ से टकराई, महिला की मौत

आंवला, बरेली। मनौना धाम दर्शन करने आए ग्वालियर निवासी दंपती की कार आंवला-रामनगर मार्ग पर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसे मे महिला की मौत हो गई। उनके पति गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा सोमवार सुबह आठ बजे हुआ। ग्वालियर के विनय नगर सेक्टर 3 निवासी गीता शर्मा (उम्र 48 वर्ष) अपने पति राजेश शर्मा और बच्चों के साथ ग्वालियर से दिल्ली से आई थी। वहां से बच्चों को घर भेज दिया और वह पति के साथ दिल्ली से मनौना धाम चली गई। सोमवार की सुबह रामनगर से आंवला रोड पर उनकी कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। एंबुलेंस से घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रामनगर पहुंचाया। डॉक्टरों ने गीता शर्मा को मृत घोषित कर दिया। उनके घायल पति राजेश शर्मा का उपचार जारी है। उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने उनके परिजनों को सूचना दी। बरेली पहुंचे राजेश शर्मा के भाई महेंद्र शर्मा ने बताया कि 30 नवंबर को राजेश के बेटे की शादी है। भैया-भाभी बच्चों को लेकर दिल्ली खरीदारी करने गए थे। उन्होंने बच्चों को दिल्ली से ही ग्वालियर वापस भेज दिया। दिल्ली से राजेश शर्मा और गीता शर्मा मनौना धाम दर्शन करने चले गए थे।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *