बरेली/फतेहगंज पश्चिमी। कस्बे के प्रसिद्ध सनातन धर्म वैश्य ठाकुरद्वारा मंदिर की मुख्य बाजार स्थित तीन बेशकीमती दुकानों पर कथित कब्जे की शिकायत पर सोमवार को प्रशासन हरकत में आया। मुख्यमंत्री से की गई शिकायत के बाद डीएम अविनाश सिंह के निर्देश पर बरेली चिटफंड के सब रजिस्ट्रार नीरज उर्फ यादवेंद्र पाठक ने मौके पर पहुंचकर जांच की और शिकायतकर्ता व आरोपित पक्ष के बयान दर्ज किए। मंदिर कमेटी का आरोप है कि करीब दो दशक से कुछ व्यापारियों ने दुकानों पर कब्जा कर रखा है। जर्जर हो चुकी इमारत किसी भी समय हादसे का कारण बन सकती है। कमेटी पिछले कई वर्षों से दुकानों को खाली कराने का प्रयास कर रही है लेकिन सफलता नही मिली। इसी को लेकर पंकज, नीरज गोयल समेत अन्य पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजा था। जांच के दौरान आरोपित दुकानदार किराया भुगतान का प्रमाण प्रस्तुत नही कर सके। वही एक अन्य दुकान व ऊपर बने मकान मे रह रहे किराएदार सतीश गुप्ता द्वारा नियमित किराया रसीदें प्रस्तुत की गई। जिस पर कमेटी को कोई आपत्ति नही है। सब रजिस्ट्रार ने बताया कि पूरी जांच रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंपी जाएगी और आगे की कार्रवाई उनके निर्देशानुसार होगी।।
बरेली से कपिल यादव
