भमोरा, बरेली। बरेली-बदायूं रोड पर सड़क किनारे खड़े एंबुलेस चालक को ट्रक ने टक्कर मार दी। तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से चालक की मौके पर ही मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने वाहन को कब्जे में ले लिया है। सूचना पर घर में कोहराम मचा है। सुबह लगभग आठ बजे बरेली बदायूं रोड पर कोहनीपुर मे सड़क किनारे बने मंदिर के पास महेन्द्र हर रोज की तरह अपनी एंबुलेस लगाकर खड़ा हो गया था। मंदिर के पास ही एंबुलेंस खड़ी होती है। प्रतापपुर निवासी महेंद्र कश्यप (28) सड़क पर आते जाते वाहनों को भी देख रहे थे। तभी बदायूं की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने महेन्द्र को टक्कर मार दी। महेन्द्र ने ट्रक को अपनी तरफ आता देखा लेकिन उसे आभास था कि ट्रक ड्राइवर अपने वाहन को संभाल लेगा लेकिन ट्रक चालक वाहन को संभाल नही पाया और उसने महेन्द्र को टक्कर मार दी। ट्रक की रफ्तार तेज थी इससे टक्कर भी जोर की लगी और महेन्द्र उछलकर दूर गिरे इससे मौके पर ही मौत हो गई। महेन्द्र एंबुलेस चलाकर ही घर का पालन पोषण कर रहे थे। घर मे मां की मृत्यु भी इसी जगह दुर्घटना मे पांच साल पहले हुई थी। महेन्द्र के घर पर पिता, भाई के साथ पत्नी और तीन छोटे बच्चे है। इसी की कमाई से घर का खर्च चल रहा था। महेन्द्र की मौत की सूचना घर पर पहुंची तो पत्नी बेसुध हो गई। गांव मे लोगों ने महेन्द्र की मृत्यु का समाचार सुना तो वह भी स्तब्ध रह गये। मौके पर पहुंची भमोरा पुलिस ने वाहन को कब्जे में ले लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। छोटे भाई प्रमोद ने बताया कि महेंद्र एक निजी अस्पताल की एंबुलेंस चला परिवार का पालन पोषण करता था। पत्नी किरन का रो रोकर बुरा हाल था। मृतक महेंद्र की बड़ी बेटी गुलशन (5), पूजा (3) व प्रिया (1) जो पिता के शव को देखकर रो-रो कर बेहाल थी। ट्रक चालक हिरासत में है।।
बरेली से कपिल यादव
