भगवान महावीर के जन्म दिवस पर निकली शोभायात्रा, लोगों ने पुष्पवर्षा कर किया स्वागत

बरेली। भगवान महावीर स्वामी का 2624वां जन्म कल्याणक महामहोत्सव धूमधाम से मनाया गया। शहर के दोनों ही जैन मंदिरों में भगवान का अभिषेक, शांति धारा स्वर्ण कलशों से किया गया। शोभायात्रा की शुरुआत वन मंत्री डॉ. अरुण कुमार ने झंडी दिखा कर की। जैन मंदिर बिहारीपुर से शुरू हुई शोभायात्रा इस्लामियां मार्केट,अनाथालय रोड़, पटेल चौक, जैन मन्दिर रामपुर बाग पहुंची, जहां पर जिनेंद्र भगवान का अभिषेक जयकारों के बीच किया गया। इसके बाद शोभा यात्रा बरेली कॉलेज, नगर निगम मार्केट, पटेल चौक, नावल्टी चौराहा, घंटाघर होते हुए वापस जैन मंदिर बिहारीपुर पर संपन्न हुई। जगह-जगह भक्तों ने शोभा यात्रा का भव्य स्वागत किया। केसरिया, पीले और रंग बिरंगे परिधानों में सजे श्रद्धालु ढोल–नगाड़ों की थाप पर महावीर झूले पालना, तुमसे लागी लगन, महावीर तुम्हारे द्वारे पर आदि भजनों पर झूमे। संस्था के अध्यक्ष वीके जैन ने कहा कि भगवान महावीर के युग में हिंसा थी पर हिंसा के उतने साधन नहीं थे। आज मनुष्य ने धरती को 17 बार नष्ट करने की सामग्री तक तैयार कर ली है। भगवान महावीर का दिया अहिंसा का सिद्धांत जो सभी प्राणियों को अपने समान देखने, आत्मा मानने, जीने देने की ओर प्रेरित करता है, धरती को बचा सकता है। मीडिया प्रभारी सौरभ जैन ने कहा कि पूरे विश्व में जिस सहअस्तित्व को भूल एक देश दूसरे देश के प्रति हिंसा कर रहे हैं, उन्हें हजारों वर्षों पूर्व दिए भगवान महावीर स्वामी के दिव्य संदेश को सुनना चाहिए, जिससे उनके बीच वैचारिक सहिष्णुता, सहने की क्षमता विकसित हो सके। बड़ी संख्या में जैन समाज के लोग मौजूद रहे।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *