बरेली। 10वीं व 12वीं की बोर्ड परीक्षा की तैयारी को परखने के लिए जिले में सोमवार से प्री-बोर्ड परीक्षाएं शुरू हो गई। राजकीय, एडेड व निजी माध्यमिक विद्यालयों में छात्र-छात्राओं ने सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में प्री-बोर्ड परीक्षा दी। पूर्व में यह परीक्षाएं सात जनवरी से शुरू होने वाली थीं। लेकिन शीतलहर व कड़ाके की ठंड के चलते घोषित अवकाश के बाद टाइमटेबल मे परिवर्तन करना पडा। सोमवार को प्री-बोर्ड परीक्षा के तहत हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की हिंदी की परीक्षा हुई। परीक्षा सुबह दस बजे से दोपहर एक बजकर 15 मिनट बजे तक हुई। विद्यार्थियों को 15 मिनट प्रश्न पत्र पढ़ने के लिए दिए गए थे। डीआईओएस डॉ अजीत कुमार ने बताया कि परीक्षाएं नकल विहीन, अनुशासित और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराई जा रही हैं। प्री-बोर्ड बिल्कुल बोर्ड परीक्षा के पैटर्न पर कराई गई। हाईस्कूल की प्री-बोर्ड परीक्षाएं 19 जनवरी तक जबकि इंटरमीडिएट की 21 जनवरी तक चलेंगी। यूपी बोर्ड हाईस्कूल-इंटर की मुख्य परीक्षा 18 फरवरी से शुरू हो रही हैं और परीक्षा की तैयारी में माध्यमिक शिक्षा विभाग तेजी से जुटा है। वही रिठौरा नगर के दरबारी लाल शर्मा इंटर कॉलेज, श्रीमती श्यामवती कन्या इंटर कॉलेज कचनेरा, जानकी देवी हायर सेकंडरी स्कूल भंडसर, श्रीकृष्ण चंद्रवती हायर सेकेंडरी, फतेहगंज पश्चिमी के यूनिक मॉडल इंटर कॉलेज सहित अन्य स्कूलों मे सोमवार को हाईस्कूल, इंटरमीडिएट की प्री बोर्ड परीक्षाएं कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हुयी। छात्र-छात्राओं की गेट पर ही तलाशी लेकर परीक्षा कक्ष में जाने की अनुमति दी गई। प्रधानाचार्य राजबहादुर, परीक्षा प्रभारी गौरीशंकर, शिक्षक भगवानदास, सूरज गंगवार, अर्चना देवी, कुमारी प्रीति सुनील कुमार, प्रधानाचार्य जसवीर सिंह, प्रबंधक रमन जायसवाल सहित तमाम स्टाफ मौजूद रहा।।
बरेली से कपिल यादव
