बरेली। रविवार से स्वास्थ्य विभाग ने जिले में पोलियो अभियान की शुरूआत की है। महिला अस्पताल और सभी सीएचसी पर अभियान का उद्घाटन हुआ। विभाग ने छह दिन के अभियान मे सात लाख से अधिक बच्चों को पोलियो खुराक पिलाने का लक्ष्य बनाया है। बानखाना स्वास्थ्य केंद्र पर जिलाधिकारी शिवाकांत द्विवेदी ने अभियान का उद्घाटन किया। सीएमओ डा. बलवीर सिंह ने बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई। पहले दिन कुल 3,26,569 बच्चों को खुराक दी गई। मिशन इंद्रधनुष के बाद स्वास्थ्य विभाग ने अब जिले में पोलियो अभियान शुरू किया है। छह दिन तक चलने वाले इस अभियान में 7,02,677 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। रविवार को 2973 पोलियो बूथों पर पोलियो की खुराक पिलाई गई। बानखाना स्वास्थ्य केंद्र पर अभियान का उद्घाटन जिलाधिकारी शिवाकांत द्विवेदी ने किया। नगर विधायक डाक्टर अरुण कुमार पोलियो बूथ पर पहुंचे। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बलबीर सिंह, एसीएमओ डॉ. अशोक कुमार, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. आरएन सिंह ने उनका स्वागत किया। जिलाधिकारी ने बच्चे को पोलियो की खुराक पिलाई। इस मौके पर सीएमओ डॉ. बलबीर सिंह ने कहा कि पांच वर्ष और उससे कम उम्र के बच्चों को पोलियो की खुराक जरूर पिलाएं। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही न करें। अभियान 6 दिन तक चलेगा और स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाएंगी। इसके लिए टीमों का गठन किया गया है। पोलियो खतरनाक बीमारी है। इस बीमारी से पूरी तरह लड़ाई जीतने के लिए जरूरी है कि लोग जागरूक हों और बच्चों को पोलियो की खुराक जरूर पिलाएं। सीएमओ डा. बलवीर सिंह ने बताया कि सोमवार से स्वास्थ्यकर्मियों की टीमें घर-घर जाकर बच्चों को दवा पिलाएंगी। इसके लिए जिले में 1657 टीमें बनाई गई है। शहर और देहात में आशा कार्यकत्रियां पोलियो अभियान में मदद करेंगी। लोगों को जागरूक करेंगी और बताएंगे कि 5 वर्ष और कम उम्र के बच्चों को पोलियो की खुराक जरूर पिलाएं।।
बरेली से कपिल यादव