सिरौली, बरेली। एंटी करप्शन की टीम ने सिरौली मे कानूनगो और उसके निजी मुंशी को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। दोनों किसान से भूमि की पैमाइश के एवज मे 20 हजार रुपये रिश्वत मांग रहे थे। बुधवार दोपहर जैसे ही उन्होंने किसान से 20 हजार रुपये लिए एंटी करप्शन की ट्रैप टीम ने उनको दबोच लिया। टीम ने दोनों को भमोरा थाना पुलिस के सुपुर्द किया है। भमोरा थाने मे ही दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। आंवला तहसील के परगना सिरौली मे वीरेंद्र पाल सिंह राजस्व निरीक्षक पद पर तैनात हैं। उन्होंने मीरगंज थाना क्षेत्र के गांव वनईया निवासी सर्वेश कुमार को निजी मुंशी रख रखा है। वीरेंद्र पाल सिंह पिछले दिनों ही अमीन से प्रोनन्त होकर राजस्व कानूनगो बना है। कुछ दिन पहले गांव केसरपुर के पंकज ने अपनी कृषि भूमि की पैमाइश कराने के लिए प्रार्थना पत्र दिया था। पैमाइश करने के एवज मे राजस्व निरीक्षक वीरेंद्र पाल सिंह और उसके मुंशी सर्वेश ने पंकज से बीस हजार रुपये रिश्वत की मांग की। दोनों ने रुपये देने के लिए उन्हें सिरौली मे पानी की टंकी के पास नलकूप संख्या दो पर बुलाया था। किसान पंकज ने मामले की शिकायत भ्रष्ट्राचार निवारण संगठन बरेली से की। इस पर ट्रैप टीम प्रभारी इश्तियाक वारसी टीम के साथ सिरौली पहुंचे। बुधवार दोपहर 1:15 बजे जैसे ही पंकज ने तय स्थान पर कानूनगो और उनके मुंशी को रिश्वत के बीस हजार रुपये दिए। टीम ने उन्हें दबोच लिया और भमोरा थाना ले गई। दोनों के खिलाफ भमोरा थाने मे मुकदमा दर्ज कराया गया है। एंटी करप्शन थाने के प्रभारी प्रवीण सान्याल ने बताया कि भ्रष्टाचार निरोधक संगठन (एंटी करप्शन) का स्थानीय कार्यालय व थाना पुलिस लाइन गेट के पास है। यदि सरकारी कार्यालयों में कोई अधिकारी या कर्मचारी शासकीय कार्य के बदले घूस मांग रहा है तो उसकी शिकायत दफ्तर में आकर कर सकते हैं। सीओ एंटी करप्शन के मोबाइल नंबर 9454405475 व प्रभारी निरीक्षक के मोबाइल नंबर 9454401653 पर भी सूचनाएं दी जा सकती है।।
बरेली से कपिल यादव
