बिथरी, बरेली। जनपद के थाना बिथरी चैनपुर क्षेत्र मे खनन की मिट्टी लेकर जा रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली से कुचलकर मां-बेटी की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर फरार हो गया। पुलिस ने मां-बेटी के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिवार बालों को सौंप दिया है। ट्रैक्टर-ट्रॉली और चालक की तलाश की जा रही है। बिथरी चैनपुर के गांव सहजनपुर मे रहने वाली 38 वर्षीय पुष्पा शुक्रवार दोपहर करीब डेढ़ बजे अपनी चार वर्षीय बेटी श्वेता के साथ कूड़ा डालने जा रही थी। इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने श्वेता को टक्कर मार दी और पहिये के नीचे से मौके पर ही उनकी मौत हो गई। बच्ची का हादसा होते देखकर पुष्पा उसे बचाने भागी तो चालक उन्हें भी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टक्कर मारकर वहां से भाग निकला। हादसे के बाद मौके पर काफी भीड़ जमा हो गई और बिथरी चैनपुर पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने गंभीर घायल पुष्पा को अस्पताल भिजवाया लेकिन रास्ते में उनकी भी मौत हो गई। इसके बाद मां-बेटी के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया गया है। पुष्पा के पति रामेश्वर मजदूरी करते है। उनके चार बच्चे है। जिनमें तीन बेटे है। बेटी की इस हादसे मे मौत हो गई। परिजन ने बताया कि ट्रैक्टर मालिक और चालक बाप-बेटे है। दोनों ही दबंग किस्म के हैं और खनन के बाद मिट्टी का ट्रैक्टर-ट्रॉली गांव से दौड़ाकर निकालते हैं। अगर कोई व्यक्ति विरोध करता है तो आरोपी उसे धमकी देते हैं। इंस्पेक्टर सीपी शुक्ला ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली और चालक की तलाश की जा रही है।।
बरेली से कपिल यादव
