आंवला, बरेली। जनपद के थाना आंवला क्षेत्र मे रामनगर स्टैंड पर एक ही बाइक पर सवार पांच लोगों को टैंकर ने टक्कर मार दी। एक महिला टैंकर के पहिया के नीचे आ गई और कुचलने से उसकी मौत हो गई। वही दंपती और उनके दो बच्चे घायल हो गए। हादसे के बाद चालक टैंकर छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजकर उपचार कराया। आंवला के गांव रेवती निवासी सुरेन्द्र पाल ने बताया कि सोमवार को वह बदायूं के मलगांव स्थित अपनी ससुराल से लौट रहे थे। बाइक पर उनके साथ पत्नी 24 वर्षीय कुमकुम, छह वर्षीय बेटी मानसी, एक वर्षीय बेटा कृष्णा और 28 वर्षीय भाभी अनीता पाल सवार थी। जब वे लोग आंवला मे रामनगर स्टैंड के पास पहुंचे तो एक बाइक सवार कट मारकर निकला और इसी बीच पीछे से आए टैंकर ने उनकी बाइक मे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि वे सभी बाइक से गिर पड़े। उनकी भाभी अनीता पाल का सिर टैंकर के पहिया के नीचे आ गया। जिससे कुचलकर उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वे सभी दूसरी ओर गिरे। जिसके कारण हल्की चोटें आई। हादसे के बाद वहां भीड़ जमा हो गई और चालक टैंकर छोड़कर फरार हो गया। इससे वहां पर जाम के हालात बन गए। सूचना पर सीओ नितिन कुमार, कस्बा इंचार्ज सचिन कुमार, एसआई अमरीश सिंह, कांस्टेबल महेश मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायलों को अस्पताल और महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने टैंकर को अपने कब्जे मे लेकर सड़क से हटवाकर जाम खुलवाया। परिजन ने बताया कि अनीता का पति मुनेंद्र पंजाब मे रहकर मजदूरी कर रहा है।।
बरेली से कपिल यादव
