बर्फीली हवाओं ने बढ़ाई गलन, धूप बेअसर, लुढ़का पारा, नही मिली राहत

बरेली। पहाड़ों की बर्फीली हवाओं ने बरेली को बरफ सा जमा दिया है। रात का न्यूनतम तापमान लुढ़ककर 3.8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। यह इस सीजन की सबसे सर्द रात रही। साथ बरेली की रात प्रदेश में सबसे ठंडी रही। वहीं दिन में भी पछुआ हवाओं की वजह से धूप निकलने के बाद भी पारा करीब तीन डिग्री सेल्सियस गिर गया है। दिन में अधिकतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। कोहरे की वजह से बरेली एयरफोर्स पर दृश्यता 100 मीटर रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग के मुताबिक अभी सप्ताह भर ठंड और कोहरे से ज्यादा राहत मिलने वाली नहीं है। मौसम विभाग ने दो दिन तक पाला पड़ने का अलर्ट जारी किया है। साथ ही कोहरा छाने का भी अनुमान है। सोमवार सुबह धुंध छाई रही और पछुआ हवाओं से लोग गलन से कांपते रहे। दोपहर में करीब 12 बजे धूप निकली। पहाड़ों पर बर्फबारी से बरेली समेत आसपास के इलाके का तापमान तेजी से गिर गया है। दिन में बरेली का अधिकतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस रहा। बीते दो दिन में तापमान में करीब 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है। रात में सर्दी का सितम बढ़ गया है। सर्द हवाओं से लोगों की कंपकपी बंधी रही। सीजन में पहली बार न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस से भी नीचे गिर गया। रात में न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया है। पिछले 10 साल मे न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री सेल्सियस से कम तापमान 23 जनवरी 2023 को 2.9, 5 जनवरी 2021 को 3.4, 2 जनवरी 2020 को 3.2 और 23 जनवरी 2017 को 3.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। मौसम विभाग ने पूर्वानुमान में दो दिन तक बरेली, बदायूं समेत आसपास के इलाके में पाला पड़ेगा। शीतलहर से गलन और ठंड बढ़ सकती है। लखनऊ मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अतुल कुमार ने बताया कि दो दिन तक सुबह-शाम कोहरा भी छा सकता है। पाला पड़ने की वजह से दिन के तापमान में अभी और गिरावट हो सकती है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *