बर्थडे-पार्टी प्रकरण में दरोगा ने की सीएम से शिकायत

बरेली। थाना कैंट में तैनात सिपाही की बर्थडे पार्टी में गोली चलने का मामला अब तूल पकड़ता ही जा रहा है। पीड़ित दरोगा संजय सिंह की अर्जी पर कोर्ट ने तत्कालीन सीओ प्रथम अशोक कुमार, इंस्पेक्टर कैंट धर्मेंद्र सिंह, दरोगा प्रवीण कुमार व सिपाही अश्वनी कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए थे। कोर्ट के आदेश के बाद भी रिपोर्ट दर्ज न होने पर पीड़ित ने फिर अर्जी डाली लेकिन अब दरोगा ने पूरे मामले की शिकायत मुख्यमंत्री से की है। लॉकडाउन में प्रतिबंध के बाद भी कैंट थाने में तैनात सिपाही अश्वनी की युगवीणा गेस्ट हाउस में पार्टी आयोजित की गई थी। पार्टी में चली गोली दरोगा संजय सिंह को लग गई। मामले में इंस्पेक्टर कैंट की ओर से दरोगा संजय सिंह पर रिपोर्ट दर्ज की गई। तत्कालीन एसएसपी शैलेश पांडे ने मामले में कई पुलिसकर्मियों पर कार्यवाही की। इधर पीड़ित दरोगा संजय सिंह ने कैंट इंस्पेक्टर सहित कई पुलिसकर्मियों पर जान से मारने का आरोप लगाया। मामले में पीड़ित दरोगा ने कोर्ट में अर्जी लगाई। जिस पर कोर्ट ने सीओ, कैंट इंस्पेक्टर समेत चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए थे। उधर दूसरे पक्ष ने कोर्ट के आदेश के खिलाफ सेशन कोर्ट में अर्जी दायर की है। जिसकी सुनवाई 13 जनवरी को होनी है। वहीं पुलिस ने दरोगा संजय सिंह के खिलाफ कम कारतूस जमा करने पर भी मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि दरोगा ने 10 कारतूस दिए थे लेकिन सात ही जमा किए थे। ऐसे में तीन कारतूस कहां गए।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *