बरेली। अनलॉक बन में जैसे-जैसे छूट मिलती जा रही है वैसे वैसे बाजारों में भीड़ ही बढ़ती जा रही है और इसके साथ ही कोरोना पॉजिटिव का ग्राफ भी तेजी से बढ़ रहा है। गुरुवार को बरेली में एक दिन में सबसे ज्यादा 19 लोगों में कोरोना पॉजिटिव पाए गए इससे पहले बुधवार को 15 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। इनमें सुभाषनगर के एक होटल में रुका एक फौजी, महिला थाने में तैनात महिला पुलिस कर्मी भी शामिल है। बताया जा रहा है कि फौजी ने कई रेस्टोरेंट में खाना भी खाया है। उधर, मंडल में गुरुवार को 542 सैंपल की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई, जबकि 32 लोगों में कोरोना पॉजिटिव की पुष्टि हुई। चारों जिलों की एक करोड़ 49 लाख आबादी में इस वक्त 144 संक्रमित हैं, जिनका अलग अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है। गुरुवार को बरेली में 107 लोगों की जांच रिपोर्ट में कोरोना बायरस नहीं पाया गया। जबकि 19 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। अब तक का यह पहला मौका है जब एक दिन में एक साथ डेढ़ दर्जन से अधिक कोरोना के केस सामने आए। इनमें एक महिला सिपाही है, एक फौजी भी है। पीलीभीत में 173 लोगों के नमूनों की जांच में कोरोना संक्रमण नहीं पाया गया। जबकि तीन लोगों में वायरस के संक्रमण की पुष्टि हुई। शाहजहांपुर में 135 सैंपल की रिपोर्ट निगेटिव आई, जबकि पांच मरीजों में कोरोना संक्रमण पाया गया। बदायूं में 127 सैंपल निगेटिव पाए गए, यहां भी पांच मरीजों में संक्रमण पाया गया। इस तरह मंडल में एक दिन में कुल 32 नए मामले सामने आए। बरेली को छोड़कर बाकी तीनों जिलों में मिले नए मरीज प्रवासी हैं, जोकि अलग अलग प्रदेशों से कुछ दिन पहले ही लौटे थे।।
बरेली से कपिल यादव