बरेली। बरेली बवाल मे पुलिस पर फायरिंग करने वाले हिस्ट्रीशीटर को बारादरी पुलिस ने तमंचा-कारतूस समेत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पूछताछ मे आरोपी ने स्वीकार किया है कि आईएमसी के महानगर अध्यक्ष एवं पार्षद अनीस सकलैनी के कहने पर उसने गोली चलाई थी। उसने ही तमंचा व पांच कारतूस उपलब्ध कराए थे। गिरफ्तार आरोपी सुभान उर्फ चूरन कोतवाली मे किशोर बाजार तिराहे का निवासी है और हिस्ट्रीशीटर बदमाश है। शुक्रवार देर रात बारादरी पुलिस ने उसे पीलीभीत बाईपास स्थित सम्राट अशोक नगर जाने वाले रास्ते से तमंचा और दो कारतूसों के साथ गिरफ्तार किया। पूछताछ में सुभान ने बताया कि वह 12वीं तक पढ़ा है। 26 सितंबर 2025 को मौलाना तौकीर रजा ने इस्लामिया ग्राउंड में धरना-प्रदर्शन के लिए लोगों को बुलाया था तो 25 सितंबर की रात अनीस सकलैनी ने उसे बुलाकर भड़काया और इस्लामिया ग्राउंड में हरहाल में शामिल होने को कहा। बताया कि सभी लोग छोटे-छोटे ग्रुप में वहां जाएंगे। अगर पुलिस रोकने की कोशिश करेगी तो जबरन जाएंगे। इसके लिए मौलाना से मिलकर प्लानिंग कर ली गई है और बाहर के लोग भी बुलाए गए हैं, जो लाठी-डंडा, ईंट-पत्थर, तेजाब पेट्रोल की बोतल और हथियारों से लैस होंगे ताकि जरूरत पड़ने पर अपनी ताकत दिखाई जा सके। उसे तमंचा और पांच कारतूस देकर कहा कि अगर पुलिस ने रोकने की कोशिश की तो उसे फायरिंग कर देनी है। प्लानिंग के तहत वह भीड़ मे शामिल था और अनीस सकलैनी व मौलाना के लोगों के उकसाने पर उसने भी दो-तीन राउंड फायरिंग की। बवाल के बाद वह बरेली से भाग गया और कुछ दिन बाहर रहा। मगर पैसे खत्म होने पर वापस आ गया। 27 जनवरी को रुपये के लेनदेन को लेकर स्पर्श लॉन के सामने सलमान से उसका झगड़ा हुआ तो पुलिस खोजने लगी। अब वह अजमेर शरीफ भागने के चक्कर में था लेकिन पकड़ा गया।।
बरेली से कपिल यादव
