प्रेमनगर मे युवक पर फायरिंग, दोनों हमलावर गिरफ्तार

बरेली। जनपद के थाना प्रेमनगर के शास्त्री नगर गेट पर बुधवार की रात दो हमलावरों ने युवक पर फायर झोंक दिया। हमले मे युवक बाल-बाल बच गया और गोली उसके सीने को छूते हुए निकल गई। पुलिस ने दोनों हमलावरों को हिरासत मे ले लिया है। शुरुआती पूछताछ में पता चला है कि दोनों पक्ष में पहले से विवाद था और 8 दिन पहले थाने में समझौता हुआ था। प्रेमनगर पुलिस ने बताया कि रामलीला ग्राउंड के पास रहने वाले मनोज का इज्जतनगर थाना क्षेत्र के मठ लक्ष्मीपुर के उदय से जान पहचान है। मनोज के छोटे भाई का शास्त्री नगर निवासी राहुल के मौसेरे भाई आशीष से साइकिल चलाने को लेकर विवाद हुआ था। आशीष भोजीपुरा का रहने वाला है। झगड़े के बाद आशीष और राहुल ने प्रेमनगर थाने में शिकायत की थी। पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने बुलाया। वहां दोनों का समझौता हो गया था। मनोज ने अपने भाई की गलती मानते हुए उसकी तरफ से आशीष और राहुल से सारी बोलकर माफी मांगी थी। तभी से मनोज दोनों से खुन्नस खाए था और बदला लेने की फिराक मे था। आरोप है कि बुधवार रात करीब आठ बजे जब राहुल उधर से निकला तो पहले से घात लगाए मनोज और उदय ने उसे घेर दिया और फायर कर दिया। राहुल ने पुलिस को बताया कि गोली मनोज ने चलाई थी। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पड़ताल की। पुलिस ने फायरिंग के दोनों आरोपियों को पकड़ लिया है और पूछताछ कर रही है। इस मामले में सीओ प्रथम आशुतोष शिवम का कहना है कि दोनों पक्षों में पहले से ही विवाद हुआ था। एक पक्ष में फायरिंग का आरोप लगाया है। मामले की जांच की जा रही है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *