पूर्व डीजीपी की बेटी प्रियंका सिंह ने कौन बनेगा करोड़पति (केबीसी) में जीते 25 लाख रुपये

पूर्व डीजीपी सुलखान सिंह की बेटी प्रियंका सिंह ने कौन बनेगा करोड़पति (केबीसी) में 13 सवालों का सही जवाब देकर 25 लाख रुपये जीते। 14वें सवाल पर प्रियंका ने गेम बीच में ही छोड़ दिया। हालांकि प्रियंका सवाल के साथ काफी देर तक जूझती रहीं। प्रियंका सिंह पेशे से एक वकील हैं और ज्यूडिशरी की तैयारी कर रही हैं। उन्‍होंने शो के दौरान अमिताभ बच्‍चन को बताया कि उनका सपना जज बनने का है। कौन बनेगा करोड़पति के सेट पर जब प्रियंका सिंह से अमिताभ बच्चन ने सवाल किया कि आप जज क्यों बनना चाहती हैं। प्रियंका सिंह ने जवाब दिया कि जब वह कोर्ट रूम में जाती हैं और ऊंची कुर्सी पर जज को बैठे देखती हैं तो यही सोचती हैं कि मुझे उस कुर्सी तक पहुंचना है। अपनी बेटी के इस मुकाम पर पहुंचने पर पूर्व डीजीपी सुलखान सिंह भी गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि यह उनके लिए गर्व की बात है कि उन चुनिंदा लोगों में उनकी बेटी भी पहुंची, जहां पहुंचने का सपना हर किसी का होता है। 25 लाख रुपये जीतने के बाद जब 50 लाख रुपये के लिए 14वां सवाल प्रियंका सिंह से पूछा गया तो उनके पिता सुलखान सिंह भी शो में मौजूद थे। प्रियंका ने शो के दौरान अपने निजी जीवन से जुड़े कई किस्से भी शेयर किए। मसलन, उन्होंने कहा कि उन्हें खाना बनाना पसंद नहीं है। इस पर जब अमिताभ ने प्रियंका के पति से पूछा तो उन्होंने कहा कि सही कह रही हैं। प्रियंका मुश्किल से सप्ताह में तीन दिन ही खाना बनाती हैं। हालांकि, उनके पति ने यह भी कहा कि जिस दिन बनाती हैं उस दिन काफी अच्छा खाना बनाती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *