बरेली। पुलिस लाइन मैदान मे पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों ने योगाभ्यास किया। मुख्य अतिथि एडीजी जोन रमित शर्मा, विशिष्ट अतिथि डीआईजी अजय कुमार साहनी, एसएसपी अनुराग आर्य के साथ पुलिसकर्मियों ने योग किया। योग के माध्यम से तनावमुक्त जीवनशैली और स्वस्थ समाज के निर्माण पर जोर दिया गया। पुलिस लाइन में सुबह सात बजे शुरू हुए कार्यक्रम में पुलिसकर्मियों, उनके परिवारों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। योग सत्र का संचालन दिव्य योग सेवा ट्रस्ट बरेली योग साधना शिविर के योग प्रशिक्षकों ने किया। जिन्होंने प्राणायाम, सूर्य नमस्कार, ताड़ासन, भुजंगासन और ध्यान जैसी विभिन्न योग आसनों का अभ्यास कराया। योग से होने वाले लाभों के बारे में बताया गया। एडीजी रमित शर्मा ने कहा कि योग न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है, बल्कि यह मानसिक शांति और अनुशासन को भी बढ़ावा देता है। डीआईजी अजय कुमार साहनी ने योग को भारतीय संस्कृति का अभिन्न अंग बताया। कहा कि योग हमारी प्राचीन धरोहर है, जो विश्व को भारत की देन है। एसएसपी अनुराग आर्य ने कहा कि पुलिसकर्मियों का स्वास्थ्य और मानसिक संतुलन हमारी प्राथमिकता है। योग के माध्यम से हम न केवल अपने कर्मियों को स्वस्थ रख सकते हैं, बल्कि समाज में भी सकारात्मकता का संदेश फैला सकते हैं। बरेली पुलिस ने इस आयोजन के माध्यम से समाज में योग के प्रति जागरूकता फैलाने और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने का संदेश दिया।।
बरेली से कपिल यादव