पुलिस मुठभेड़ मे दो पशु तस्कर गिरफ्तार, एक आरोपी के पैर मे लगी गोली, सिपाही भी जख्मी

भोजीपुरा, बरेली। जनपद मे निराश्रित गोवंशीय पशुओं को मारकर मांस बेचने वाले गिरोह के दो शातिरों को भोजीपुरा थाना पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है। इनमें से एक आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गया। एक सिपाही भी जख्मी हुआ है। सीओ हाईवे ने बताया कि घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पकड़े गए आरोपियों के बाकी साथी अंधेरे के फायदा उठाकर मौके से भाग गए, जिनकी तलाश में पुलिस टीम लगाई गई है। पुलिस के अनुसार शुक्रवार की रात करीब दो बजे थाना प्रभारी भोजीपुरा पुलिस बल के साथ इलाके में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम सिघांई कायस्थान के जंगल में कुछ लोग प्रतिबंधित पशु को मारने की फिराक में है। इसके बाद पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस टीम ने आगे बढ़कर वहां खड़े संदिग्धों को ललकारा तो उन्होंने खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी फायरिंग मे राजू कुरैशी निवासी मोलागढ़ (थाना भोजीपुरा) के बाएं पैर में गोली लग गई। जिससे वह जमीन पर ही गिर पड़ा। पुलिस ने उसके साथी इमरान कुरैशी को भी मौके से गिरफ्तार कर लिया। इनके बाकी साथी भाग गए। वही मुठभेड़ के दौरान एक गोली सिपाही रिंकू के बाजू को छूते हुए निकल गई। जिससे वह जख्मी हो गए। सिपाही और घायल बदमाश को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भोजीपुरा भेजा गया। घायल आरोपी राजू के कब्जे से तमंचा, एक खोखा, दो कारतूस और एक छुरी बरामद की गई। इसके अलावा मौके से पशु को मारने में प्रयुक्त होने वाले औजार भी बरामद हुए हैं। सीओ के मुताबिक दोनों आरोपी प्रतिबंधित पशुओं की तस्करी करने वाले गिरोह का हिस्सा हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार घायल आरोपी राजू के खिलाफ 22 मुकदमे पहले से दर्ज हैं। इमरान के खिलाफ छह मुकदमे दर्ज है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *