बरेली। जनपद के पासपोर्ट सेवा केंद्र का सर्वर डाउन होने से गुरुवार को पासपोर्ट नवीनीकरण, दस्तावेज सत्यापन आदि कार्यों के लिए 350 आवेदकों को घंटों इंतजार के बाद मायूस होकर लौटे। आवेदकों ने कार्यालय के स्टाफ पर संतोषजनक जबाव के बजाय बदसलूकी का आरोप लगाया। पीलीभीत बाईपास स्थित पासपोर्ट सेवा केंद्र का सर्वर सुबह नौ बजे खुला। सुबह 11 बजे से सर्वर डाउन होने लगा। आवेदन, सत्यापन आदि कार्य प्रभावित होने लगे। इधर बरेली और मुरादाबाद मंडल से पहुंचे करीब साढ़े तीन सौ आवेदकों की लंबी कतार लग गई। आवेदकों को स्टाफ सर्वर डाउन की समस्या बताकर इंतजार करने को कहा। करीब तीन घंटे बीतने के बावजूद सर्वर सुचारू नहीं हुआ तो लोगों में आक्रोशि पनपने लगा। हंगामा की आशंका पर स्टाफ को सभी आवेदकों को प्रत्येक आधे घंटे बाद सर्वर की स्थिति बताता रहा। पर शाम तक कोई सुधार नही हुआ। बिजनौर से मोहम्मद जाहिद ने नया पासपोर्ट बनवाने के लिए आवेदन किया था। स्लॉट के तहत वे बुधवार को बरेली आ गए थे। बृहस्पतिवार को दोपहर 12 बजे कार्यालय पहुंचकर शाम चार बजे तक खड़े रहे, लेकिन कार्य नहीं हुआ। मुरादाबाद के मोहम्मद कैफ की भी कमोवेश यही समस्या रही। कैफ ने पासपोर्ट मुख्यालय के एक्स हैंडल पर परेशानी की शिकायत की बात कही। कुछ लोगों ने वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल किया। क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी शैलेंद्र सिंह के मुताबिक उत्तर भारत के कई पासपोर्ट कार्यालयों पर सुबह नौ बजे से 11 बजे तक कार्य हुआ। पर 11 बजे से सर्वर डाउन की समस्या से कार्य प्रभावित रहा। शाम तक इंतजार किया गया लेकिन अड़चन बरकरार रही। दोपहर तीन बजे आवेदकों को स्लॉट रीशेड्यूल करने और घर जाने की सूचना दी गई। दूरदराज से आए लोग लौटना नहीं चाहते थे। स्टाफ ने समझाकर शांत कराया।।
बरेली से कपिल यादव