बरेली। सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री के निलंबन के बाद आरोप पत्र तैयार कर नियुक्ति विभाग को भेज दिया गया है। वहां से अनुमोदन आने के बाद जांच अधिकारी कमिश्नर भूपेंद्र एस चौधरी निलंबित पीसीएस अधिकारी को चार्जशीट जारी करेंगे। 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के दिन पीसीएस अधिकारी अलंकार अग्निहोत्री ने शंकराचार्य के तथाकथित अपमान और यूजीसी के विरोध मे इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए थे। रात मे डीएम से मुलाकात के बाद उन्होंने खुद को बंधक बनाए जाने और अपमान का आरोप भी लगाया था। 26 जनवरी की देर रात शासन ने उनको निलंबित कर दिया था। कमिश्नर भूपेंद्र एस चौधरी को जांच अधिकारी नामित किया गया था। निलंबन के बाद उनके विरुद्ध आरोप पत्र तैयार कर नियुक्ति विभाग को भेज दिया गया है। अब नियुक्ति प्राधिकारी के अनुमोदन के बाद जांच अधिकारी कमिश्नर भूपेंद्र एस चौधरी अलंकार को चार्जशीट देंगे। जिसमें उन पर लगे आरोपों का विवरण होगा। जांच के दौरान उन्हें अपना पक्ष रखने का पूरा मौका दिया जाएगा। उनसे उनके आरोपों के संबंध में साक्ष्य मांगे जाएंगे। सभी पक्षों को सुनने के बाद शासन को रिपोर्ट भेजी जाएगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर शासन बहाली, निंदा प्रविष्टि, प्रमोशन पर रोक, अनिवार्य सेवानिवृत्ति या फिर बर्खास्तगी जैसे फैसले ले सकता है।।
बरेली से कपिल यादव
