भोजीपुरा, बरेली। नाले मे गिरने से बच्ची की मौत के मामले में भोजीपुरा की ग्राम पंचायत रहपुरा करीम बख्श के प्रधान पति राम किशोर सहित दो लोगों के खिलाफ दर्ज मुकदमे ने तूल पकड़ लिया है। ब्लॉक भोजीपुरा परिसर में ग्राम पंचायत अधिकारी संगठन के पदाधिकारियों, ब्लॉक के सभी ग्राम प्रधानों और कर्मचारियों ने एकजुट होकर दर्ज प्राथमिकी के खिलाफ मंगलवार को जोरदार धरना प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने इसे पंचायत चुनाव को देखते हुए साजिशन कार्रवाई बताते हुए प्रशासन पर गंभीर सवाल खड़े किए। प्रधान संघ भोजीपुरा के ब्लॉक अध्यक्ष कुलवंत सिंह ने कहा कि यदि प्रशासन ने जल्द निर्णय नही लिया तो आंदोलन को जिला स्तर तक ले जाया जाएगा। इसकी जानकारी अखिल भारतीय प्रधान संघ के जिलाध्यक्ष सुधीश पाण्डेय को दे दी गई है। ग्राम पंचायत विकास अधिकारी संघ के प्रांतीय महामंत्री जितेंद्र गंगवार ने कहा कि संबंधित नाला दो वर्ष पूर्व ही बन चुका था। जिसे ग्रामीणों ने स्वयं पाट दिया था और उसकी गहराई महज डेढ़ फीट थी। सर्वेश मौर्य, रामकुमार गंगवार, सोहेल खान, राम निवास गंगवार, सद्दाम हुसैन, नरेश गंगवार, यासीन, राधा यादव, पीतम राय सहित बड़ी संख्या मे प्रधान और कर्मचारी मौजूद रहे।।
बरेली से कपिल यादव
