नाबालिग का निकाह कराने की धमकी, मौलाना समेत चार पर मुकदमा दर्ज

नवाबगंज, बरेली। जनपद के थाना नवाबगंज क्षेत्र मे नाबालिग किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने, नकदी व जेवर गायब करने और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित पिता की तहरीर पर पुलिस ने एक मौलाना सहित चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित का कहना है कि उसका रिश्तेदार जीशान पुत्र शाकिर अली का उसके घर आना-जाना था। इसी दौरान जीशान ने उसकी 15 वर्षीय नाबालिग पुत्री को प्रेमजाल में फंसा लिया। आरोप है कि छह फरवरी की रात जब परिवार के सभी सदस्य घर में सो रहे थे। तभी जीशान घर पहुंचा और किशोरी को बहला फुसलाकर अपने साथ ले गया। पीड़ित के अनुसार किशोरी घर में रखे 57 हजार रुपये नकद, उसकी पत्नी की चांदी की पायल तथा सोने के दुरियां और बुंदे भी अपने साथ ले गई। सुबह जब परिजन जागे तो किशोरी घर से गायब मिली। इसके बाद पीड़ित सुबह ग्राम जयनगर स्थित जीशान के घर अपनी पुत्री की तलाश में पहुंचा। वहां जीशान के भाई मौलाना शीबू पुत्र शाकिर अली, सोहिल पुत्र पप्पू और जीशान की मां से पूछताछ करने पर सभी लोग आग-बबूला हो गए। आरोप है कि आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए पीड़ित के साथ मारपीट की। आरोप है कि आरोपियों ने कहा कि उसकी पुत्री जीशान के साथ है और वे दोनों का निकाह करा देंगे। साथ ही चेतावनी दी कि यदि किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई की गई तो उसे और उसके परिवार को जान से मार दिया जाएगा। पीड़ित ने नाबालिग पुत्री के साथ अनहोनी की आशंका जताते हुए पुलिस से कार्रवाई की गुहार लगाई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *