दो साल से फरार सॉल्वर गैंग का शिक्षक गिरफ्तार, एलटी परीक्षा मे किया था फर्जीवाड़ा

बरेली। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा आयोग की परीक्षा मे फर्जीवाड़ा करने के एक और आरोपी सहायक अध्यापक को कोतवाली पुलिस ने बरेली से गिरफ्तार कर लिया है। इस फर्जीवाड़े के आखिरी आरोपी शिक्षक पर पांच हजार रुपये का इनाम घोषित था। वह पिछले दो सालों से पुलिस को चकमा दे रहा था। घटना का खुलासा करते हुए सीओ सदर अभय सिंह ने बताया कि दाड़ी महमूदपुर अकबरपुर स्याली उमरी चौक थाना छजलैट जिला मुरादाबाद का रहने वाला आरोपी रिंकू कुमार प्राथमिक विद्यालय दलेलनगर नवाबगंज जिला बरेली मे सहायक अध्यापक पद पर तैनात है। वह वर्ष 2019 मे हुई उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा आयोग की एलटी लिखित परीक्षा में फर्जी प्रतिभागी बनकर परीक्षा देने का आरोपी था लेकिन पिछले दो साल से पुलिस को अलग-अलग तरीकों से गच्चा दे रहा था। इस पर पुलिस ने आरोपी शिक्षक पर पांच हजार रुपये का इनाम भी घोषित कर दिया था। सुरागकशी और सर्विलांस की मदद से पता चला कि आरोपी शिक्षक की यूपी विधानसभा के चुनाव मे ड्यूटी लगी है। इसके बाद पुलिस टीम आरोपी का लगातार पीछा करती रही। टीम ने आरोपी को बरेली के नवाबगंज कस्बे से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ मे आरोपी रिंकू कुमार ने बताया कि वह सॉल्वर गैंग के संपर्क मे आने के बाद दो-दो लाख रुपये लेकर एलटी शिक्षक भर्ती के परीक्षा केंद्रों पर जाकर फर्जी प्रतिभागी बनकर वास्तविक परीक्षार्थी के स्थान पर परीक्षा देता था। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश कर न्यायिक हिरासत मे जेल भेज दिया है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *