बरेली। जनपद मे अगले 24 घंटे में मानसून हावी होने के आसार हैं। मौसम विभाग ने 24 जून को यलो अलर्ट जारी कर गरज, चमक और तेज हवा के साथ झमाझम बारिश होने का अनुमान जताया है। सोमवार को दिन की शुरुआत बादल छाएं रहने के साथ हुई। सुबह 11 बजे के करीब कुछ इलाकों में बूंदाबांदी हुई। दोपहर बाद निकली हल्की धूप से लोगों को उमस ने परेशान किया। जबकि शाम को हल्की बारिश हुई। इसके बाद रात मे 8 बजे के बाद तेज बारिश हुई। आईएमडी की आधिकारिक बेवसाइट के अनुसार जिले में अधिकतम तापमान सामान्य से 3.8 डिग्री सेल्सियस कम 34.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस दौरान करीब 3.2 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। वहीं हवा में नमी सुबह 79 प्रतिशत और शाम को 81 प्रतिशत दर्ज की गई। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के विशेषज्ञ अतुल कुमार के मुताबिक निम्न वायुदाब का क्षेत्र बनने से रुहेलखंड क्षेत्र में अगले 24 घंटे में मानसून की दस्तक हो सकती है। दक्षिण पश्चिम मानसून के सक्रिय होने से तीन-चार दिनों तक मेघ गर्जन, वज्रपात और भारी बारिश की संभावना है। आंचलिक मौसम केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक डॉ. अतुल कुमार सिंह ने बताया कि अभी तीन दिन बारिश का येलो अलर्ट है जबकि एक दिन छोड़कर दो दिन और येलो अलर्ट है। मंगलवार को हल्की बारिश, बुधवार को तेज बारिश और गुरुवार को भारी बारिश के आसार हैं। इससे तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी।।
बरेली से कपिल यादव