बरेली। आई लव मुहम्मद पोस्टर को लेकर उपजे विवाद के विरोध मे आईएमसी प्रमुख मौलाना तौकीर रजा के आह्वान पर शहर के अलग-अलग हिस्सों से इस्लामिया कॉलेज मैदान पर भारी भीड़ जुट रही थी। प्रशासन ने विरोध-प्रदर्शन के आयोजन की अनुमति नही थी। पुलिस के इस्मालिया कॉलेज मैदान पर पहुंचने से रोकने पर भीड़ उग्र हो गई और पुलिस पर हमला कर दिया। फायरिंग और पथराव के साथ ही पुलिस कर्मियों के हथियार भी छीन लिए गए थे। पुलिस ने बवालियों के खिलाफ अलग-अलग थानों मे 23 मामले दर्ज किये थे। इन सभी मामलों में मौलाना तौकीर रजा को आरोपी बनाया गया था। पुलिस विवेचना के बाद अलग-अलग थानों मे दर्ज कराए गए मामलों में चार्जशीट दाखिल कर रही है। कोतवाली मे दर्ज मामले में कोतवाली पुलिस ने चार्जशीट दाखिल की है। इसमें मौलाना तौकीर रजा समेत 46 बवालियों को आरोपी बनाया गया है। आई लव मुहम्मद पोस्टर के विवाद को लेकर शहर में 26 सितंबर को हुए बवाल के बाद कोतवाली में दर्ज हुए मुकदमे में पुलिस ने गंभीर धाराएं लगाई थी इसलिए मुकदमे में जिन लोगों को आरोपी बनाया जा रहा है उनकी जमानत भी आसानी से नहीं हो रही है। इस मामले के आरोपी रिहान की जमानत हाईकोर्ट ने कुछ दिन पहले खारिज कर दी थी। क्राइम ब्रांच के इंस्पेक्टर संजय धीर इस मुकदमे की विवेचना कर रहे हैं। कोतवाली के इस मुकदमे में 46 लोगों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर दी गयी है। पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी में लगी है। गिरफ्तारी के बाद उनके खिलाफ भी चार्जशीट दाखिल की जाएगी। कोतवाली इंस्पेक्टर अमित पांडेय की ओर से खलील तिराहे पर हुए बवाल को लेकर दर्ज कराए इस मुकदमे में 25 नामजद और 1700 अज्ञात उपद्रवियों को शामिल किया गया था।।
बरेली से कपिल यादव
