बरेली। पुलिस पर पथराव कर फायरिंग कराने के मास्टर माइंड आईएमसी प्रमुख मौलाना तौकीर रजा की मंगलवार को वीड़ियो कांफ्रेंसिग के जरिये मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अलका पांडे की अदालत मे फतेहगढ़ सेंट्रल जेल से पेशी हुई। तौकीर की सभी 8 मुकदमों में सीजेएम और 5 अन्य मुकदमों मे सम्बन्धित न्यायालयों मे वर्चुअल पेशी हुई। इसमें 14 दिन की न्यायिक हिरासत बढ़ा दी गई और अगली सुनवाई 25 नवंबर को नियत की गई है। आईएमसी प्रमुख मौलाना तौकीर रजा खां के आह्वान पर 26 सितंबर को नमाज के बाद आई लव मुहम्मद पोस्टर को लेकर शहर में विरोध प्रदर्शन कर रहे उपद्रवियों ने पुलिस पर पथराव कर फायरिंग करते हुए दुकानों में तोड़-फोड़ की थी। शहर में बवाल कराने के लिए गैर जनपद से गैंगस्टर तक बुलाए गए थे। साथ ही पश्चिम बंगाल और बिहार से लोगों को बुलाया गया था। इतना ही नही एसपी सिटी मानुष पारीक के गनर की एंटी रायट गन छीनते हुए पुलिस का वायरलेस सेट भी उपद्रवियों ने लूट लिया था। बवाल के बाद कोतवाली में पांच, बारादरी में दो, किला, प्रेमनगर और कैंट थाने में एक-एक मुकदमा लिखा गया था। वहीं तौकीर के करीबी नदीम, डॉ. नफीस, फरहान, अनीस सकलैनी समेत 44 लोगों की जिला जेल से वीड़ियो कांफ्रेंसिग के जरिये पेशी हुई। कोर्ट ने सभी की 14 दिनों की न्यायिक हिरासत बढ़ाते हुए सुनवाई को 25 नवम्बर की तिथि नियत की है।।
बरेली से कपिल यादव
