बरेली। पुलिस लाइन मे चल रहे ट्रेनी दरोगाओं के प्रशिक्षण मे आईजी रेंज डा.राकेश सिंह ने उन्हें व्यवहारिक चुनौतियों से निपटने के टिप्स दिये। उन्होंने कहा कि सभी दरोगाओं को बेसिक पुलिसिंग के सभी पहुलओं को गहराई से सीखना चाहिये। आईजी ने दरोगाओं के विशेष आचरण और पुलिस कार्यों के विभिन्न पहलुओं पर दिशा निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य उपनिरीक्षकों की कार्यशैली में सुधार लाना। उन्हें व्यवहारिक चुनौतियों से अवगत कराना व पुलिसिंग के महत्वपूर्ण पहलुओं की गहरी समझ प्रदान करना है। एसएसपी अनुराग आर्य ने प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले दरोगाओं को पुलिस के अलग अलग सात मंत्र दिये है। इनको आत्मसात करने वाले पुलिस कर्मी अपनी ईमानदारी, सत्यनिष्ठा और कर्तव्यपरायणता से पुलिस की उत्कृष्ट सेवा कर सकेंगे। इससे उनका और पुलिस का समाज मे मान सम्मान और गौरव बढ़ेगा। सहायक पुलिस अधीक्षक व क्षेत्राधिकारी लाइंस ने परेड का निरीक्षण और अनुशासन पर विशेष प्रशिक्षण दिया। प्रतिसार निरीक्षक ने हथियारों, गोला-बारूद और दंगा निरोधक उपकरणों के संचालन की जानकारी दी। अपर पुलिस अधीक्षक अपराध ने विवेचना की बारीकियों और अपराध नियंत्रण के लिए निरोधात्मक कार्यवाही पर चर्चा की। क्षेत्राधिकारी नगर प्रथम ने शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के उपायों पर प्रकाश डाला। पुलिस उपाधीक्षक (अभिसूचना) ने जनपद की सामान्य व्यवस्था और खुफिया जानकारी संकलन की प्रक्रिया समझाई। साइबर सेल प्रभारी और उनकी टीम ने साइबर अपराध की रोकथाम के तरीकों पर जानकारी दी। सर्विलांस सेल प्रभारी ने निगरानी से जुड़ी तकनीकी जानकारियां साझा की। पुलिस महानिरीक्षक बरेली परिक्षेत्र डा. राकेश सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बरेली अनुराग आर्य ने उपनिरीक्षकों के पिछले आठ महीनों के प्रशिक्षण की समीक्षा की। उन्होंने अपने अनुभवों को साझा करते हुए थानों मे उपयोग होने वाले विभिन्न रजिस्टरों और उनकी भूमिका के बारे में विस्तार से चर्चा की।।
बरेली से कपिल यादव