टोल प्लाजा पर रोकी विधायक की गाड़ी, कर्मी की सेवा समाप्त

फरीदपुर, बरेली। एसआईआर के कार्य को लेकर कार्यकर्ताओं की बैठक लेने फरीदपुर के कैंप कार्यालय जा रहे विधायक की गाड़ी को टोल प्लाजा पर रोक लिया। परिचय देने के बाद भी टोल बूथ मे बैठे ऑपरेटर ने सिग्नल को नही खोला। टोल कर्मचारियों के रवैये से नाराज विधायक ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पुलिस टीम के साथ पहुंचे इंस्पेक्टर ने प्रोटोकॉल का हवाला देते हुए टोलकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई करने की चेतावनी दी। इसके बाद टोल मैनेजर ने विधायक से माफी मांगकर दोबारा ऐसा न करने का भरोसा दिया। टोल बूथ न खोलने वाले कर्मचारियों को कार्य से हटाया गया है। सोमवार को विधायक डॉ. श्याम बिहारी लाल रुहेलखंड यूनिवर्सिटी में छात्र-छात्राओं की क्लास लेने के बाद फरीदपुर के कैंप कार्यालय कार्यकर्ताओं की बैठक लेने जा रहे थे। दोपहर करीब एक बजे विधायक डॉ. श्याम बिहारी लाल की गाड़ी फरीदपुर के टोल प्लाजा पर पहुंची तो ऑपरेटर ने उनकी गाड़ी रोक दी। विधायक ने टोल बूथ में बैठे कर्मचारियों को अपना परिचय दिया। इसके बाद भी उसने टोल सिग्नल को नही खोला। मनमानी पर विधायक भड़क उठे। उन्होंने फरीदपुर इंस्पेक्टर को सूचना दी। फरीदपुर इंस्पेक्टर राधेश्याम पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने टोल प्लाजा के मैनेजर पवन कुमार को बुलाया। इंस्पेक्टर ने टोल कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई करने की चेतावनी दी। इसके बाद टोल मैनेजर ने विधायक से माफी मांगी। दोबारा ऐसा न करने का भरोसा दिया। इसके बाद विधायक ने टोल कर्मियों को लोगों से अच्छा व्यवहार करने की चेतावनी दी। विधायक ने दोषी कर्मचारियों को हटाने के लिए कहा। इसके बाद तत्काल उसे टोल प्लाजा से हटा दिया गया। टोल प्लाजा पर विधायक की गाड़ी रोके जाने पर कार्यकर्ताओं में रोष व्याप्त है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *