बरेली। शहर के जोगीनवादा से करीब छह हजार कांवड़ियों का जत्था गुरुवार शाम कछला से जल लेने के लिए रवाना हुआ। जत्था बाबा वनखंडी नाथ में जलाभिषेक करेगा। दूसरे समुदाय के लोगों ने कांवड़ियों को फूल बरसाकर स्वागत किया। भाईचारे का संदेश दिया। जत्था 8 ट्रकों और डीजे के साथ निकला। इस दौरान कांवड़िए भजनों पर नाचते गाते हुए जा रहे थे। जत्था राजेश राठौर और सतीश राठौर के नेतृत्व में रवाना हुआ। पुलिस प्रशासन मुस्तैद रहा। जत्थे में बच्चे और बड़े कांवड़ के साथ शामिल हुए। राकेश कश्यप ने बताया कि यह जत्था यहां से ट्रक से रवाना हुआ है। लौटते समय सभी पैदल आएंगे। 90 किलो मीटर की पदयात्रा पूरी करने के बाद महादेव पर जल चढ़ाएंगे। मंदिर से जुड़े इशू सक्सेना ने बताया कि यह जत्था पिछले दस वर्ष से भी अधिक समय से जल लेने के लिए जा रहा है।।
बरेली से कपिल यादव