जॉर्जिया मे देवरिनयां के मेडिकल छात्र की पहाड़ी से गिरकर मौत

बहेड़ी, बरेली। जनपद के थाना देवरनियां क्षेत्र के गांव रहपुरा गनीमत निवासी मो. सफवान की जॉर्जिया में रविवार को दोस्तों के साथ पहाड़ी पर घूमते समय पैर फिसलने से गिरकर मौत हो गई। परिजनों ने सरकार से सफवान का शव जल्द घर भिजवाने की मांग की है। मोहम्मद सफवान जॉर्जिया की सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ यूरोप में एमबीबीएस अंतिम वर्ष का छात्र था। सफवान ने 2021 मे यूक्रेन मे पढ़ाई शुरू की लेकिन रूस-यूक्रेन युद्ध के चलते पढ़ाई बीच मे रुकने पर जॉर्जिया शिफ्ट होना पड़ा। रविवार सुबह परिवार को दूतावास से घटना की सूचना मिली तो परिजन रो-रोकर बेहाल हो गए। मृतक के पिता इरफान अहमद सेवानिवृत्त दरोगा है। उन्होंने बताया कि हमने बेटे को डॉक्टर बनाने का सपना देखा था। बेटा उनकी इच्छा पूरी कर रहा था लेकिन इस घटना ने सभी उम्मीदें हमेशा के लिए समाप्त कर दी है। छोटा बेटा मुआज भी जॉर्जिया मे पढ़ाई कर रहा था लेकिन कुछ दिन पहले ही वह भारत आया था। परिजन बेटे के शव को भारत लाने में दस्तावेजी औपचारिकताओं की वजह से कठिनाई झेल रहे हैं। परिजनों ने केंद्र सरकार और भारतीय दूतावास से गुहार लगाई है कि जल्द सफवान की डेडबॉडी भारत लाने की प्रक्रिया पूरी कराई जाए, ताकि अंतिम संस्कार हो सके। सफवान की असमय मौत होने से परिवार को पूरे गावं के लोग घर पहुंच कर शोक संवेदनाएं देने पहुंच रहे हैं। परिवार और गांव के लोगों ने केंद्र सरकार से अपील की है कि वह उनके बेटे का पार्थिव शरीर को भारत जल्द से जल्द वापस लाने की प्रक्रिया मे मदद करे। बरेली के छात्र असद अंसारी ने भी एक्स पर पोस्ट करके सरकार से जल्द से जल्द शव भारत लाने की मांग की है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *