राजस्थान/बाड़मेर- स्वर्ण नगरी के पत्रकारों के हितों को सशक्त करने और निष्पक्ष पत्रकारिता को नई दिशा देने के उद्देश्य से ‘जैसलमेर प्रेस क्लब’ का गठन किया गया है। गुरुवार को शहर के सर्किट हाउस में आयोजित पत्रकारों की एक विशेष बैठक में सर्वसम्मति से कार्यकारिणी की घोषणा की गई। इसमें वरिष्ठ पत्रकार विमल भाटिया को संरक्षक और सिकन्दर शेख को अध्यक्ष मनोनीत किया गया है।
बैठक के दौरान संगठन विस्तार करते हुए गणपत दैया व सांवलदान रतनू को उपाध्यक्ष, सूर्यवीर सिंह तंवर को सचिव और शंकरदान देथा को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई। इसके अलावा श्रीकांत व्यास को सह कोषाध्यक्ष, मीडिया प्रभारी जगदीश गोस्वामी, तनेरावसिंह को सह सचिव, हरिवल्लभ पुरोहित को कार्यालय प्रभारी, सेउ राम को विधि सलाहकार और मानसिंह देवड़ा को सोशल मीडिया प्रभारी बनाया गया है। रजत व्यास, तन्मय बिस्सा और धर्मेन्द्र प्रजापत को कार्यकारी सदस्य के रूप में टीम में शामिल किया गया है। पदाधिकारियों के मनोनयन के बाद अन्य पत्रकारों ने माला पहनाकर और मिठाई खिलाकर नई टीम को बधाई दी।
संरक्षक विमल भाटिया ने बताया कि क्लब का मुख्य उद्देश्य जिले में पत्रकारों की एकता को मजबूत करना और उनके सम्मान व अधिकारों की रक्षा करना है। उन्होंने कहा, “हमारा फोकस सामाजिक सरोकारों और जनसमस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाने पर रहेगा।”
वहीं, नवनियुक्त अध्यक्ष सिकन्दर शेख ने कहा कि क्लब भविष्य में पत्रकारों के लिए प्रशिक्षण शिविर, संवाद कार्यक्रम और कल्याणकारी योजनाओं पर काम करेगा। उन्होंने जोर दिया कि क्लब एक संगठित मंच के रूप में आमजन की आवाज शासन-प्रशासन तक पहुँचाने और निर्भीक पत्रकारिता को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध रहेगा।
