फरीदपुर, बरेली। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल की बैठक मे पहुंचे एसजीएसटी के डिप्टी कमिश्नर से व्यापारियों ने कर्मचारियों की घूसखोरी की शिकायत की। व्यापारियों ने रजिस्ट्रेशन के सर्वे मे घूसखोरी करने का आरोप लगाया। फरीदपुर के दुकानदार कई महीनों से जीएसटी के रजिस्ट्रेशन के सर्वे के नाम पर कर्मचारियों पर अवैध वसूली किए जाने का आरोप लगा रहे थे। उन्होंने व्यापार मंडल के प्रांतीय मंत्री अनुज पांडे से शिकायत की। उन्होंने व्यापार मंडल कोर कमेटी की बैठक में जीएसटी के अधिकारियों को बुलाने का फैसला लिया। देर शाम कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डिप्टी कमिश्नर आशीष पांडे और राज्य कर अधिकारी नितेश कुमार बैठक में शामिल होने पहुंचे। उन्होंने व्यापारियों को जीएसटी में रजिस्ट्रेशन करने के लिए प्रेरित किया। इसी दौरान तमाम व्यापारियों ने आरोप लगाया कि जीएसटी के आवेदन के बाद विभाग से जुड़े कर्मचारी सर्वे करने के लिए प्रतिष्ठान पर पहुंचते है। सर्वे के नाम पर दो से ढाई हजार रुपये की वसूली की जाती है। विरोध करने पर जुर्माना ठोकने का भय दिखाते है। डिप्टी कमिश्नर आशीष पांडे ने कार्रवाई का भरोसा दिया। कई व्यापारियों ने बताया कि टोल प्लाजा पर जीएसटी कर्मचारी और अधिकारी गाड़ियों को रोककर निरीक्षण करते है। इससे हादसे की आशंका रहती है। टोल प्लाजा कर्मियों ने भी इस मामले मे कमिश्नर और डीएम से शिकायत की थी लेकिन टीम को दूसरी जगह निरीक्षण करने के लिए नही लगाया गया। इस दौरान प्रांतीय संयुक्त महामंत्री राजेश जसोरिया, महावीर जायसवाल, धर्मवीर जायसवाल, सुधीर जायसवाल, राजेश गुप्ता, उपदेश गुप्ता, मोहन गुप्ता, गोविंद सिंह चौहान, अमरीश अग्रवाल, अनुज शुक्ला, डब्लू भारद्वाज, प्रभात जायसवाल, अनिल गुप्ता आदि थे।।
बरेली से कपिल यादव
