जिंदगी की जंग हार गई विवाहिता, हत्या का मुकदमा दर्ज

बरेली। सोमवार को बारादरी थाना क्षेत्र में एक विवाहिता का फंदे से लटकती हुई मिली थी। विवाहिता की मां ने लोगों की मदद से अपनी बेटी को फंदे से उतारकर अस्पताल में भर्ती कराया था। आखिरकार विवाहिता ज्योत्सना जिंदगी और मौत के खेल में हार गई। गुरुवार की सुबह उपचार के दौरान अस्पताल में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं अब तक पत्नी को फंदे पर लटकाने वाले पति का पुलिस कोई सुराग नहीं लगा पाई है। पुराने शहर के नवादा शेखान की रहने वाली प्रेमलता की बेटी ज्योत्सना की ससुराल उनके घर के पास में ही है। शादी के बाद से ही उनकी बेटी के साथ ससुराल बाले मारपीट करते थे और मायके से पैसे मांगने का दबाव बनाते थे। सोमवार को आरोपियों ने फिर उनकी बेटी के साथ मारपीट की। चीख-पुकार की आवाज सुनकर उन्होंने अपनी बेटी के घर जाने की कोशिश की तो ससुराल पक्ष के लोगों ने नहीं जाने दिया। इसके बाद प्रेमलता अपनी छत पर पहुंची और छत से झांक कर देखने की कोशिश की तो चीख पुकार की आवाजे आना एकदम बंद हो गई। अनहोनी होने के शक पर वह अपनी बेटी के घर पहुंची थी। जहां बेटी का पति और अन्य ससुराल बाले धक्का देकर फरार हो गए थे। उन्होंने घर में जाकर देखा कि उनकी बेटी ज्योत्सना ऊपर कुंडे के सहारे फंदे पर लटकी हुई थी। जिसके बाद उन्होंने चीख-पुकार कर आसपास के लोगों की मदद से बेटी को नीचे उतारकर अस्पताल में भर्ती कराया था। इसके बाद से ही निजी अस्पताल में ज्योत्सना का उपचार चल रहा था। जहां उसकी गुरुवार की सुबह मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इंस्पेक्टर बारादरी ने बताया कि मृतका की मां की ओर से ज्योत्सना के पति समेत अन्य के खिलाफ जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज था। जिसे अब हत्या में तरमीम किया जा रहा है। पुलिस ने बताया कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *