बरेली। संचारी रोग नियंत्रण और दस्तक अभियान की मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक मे डीएम अविनाश सिंह ने समीक्षा कर दिशा निर्देश दिए। स्वास्थ्य अफसरों ने बताया कि संचारी रोग नियंत्रण और दस्तक अभियान 31 अक्टूबर तक चलेगा। अभियान के अंतर्गत संचारी रोगों से बचाव को लेकर गतिविधियां संचालित की जा रही है। डीएम ने जापानी इंसेफेलाइटिस (जेई) से बचाव के लिए लोगों को जागरूक करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने बताया कि इस साल जेई का एक केस चिह्नित हुआ है। डीएम ने साफ-सफाई, एंटी लार्वा का छिड़काव, झाड़ियों की कटान, शूकर बाड़े को आबादी क्षेत्र से दूर रखना आदि उपाय अपनाने जाने को कहा। जेई का वैक्सीनेशन प्रभावी तरीके से कराया जाए। बैठक में बताया गया कि अभियान के दौरान आशाओं ने डोर टू डोर सर्वे में अच्छा कार्य किया गया है। फरीदपुर में कुछ सुधार करने की बात कही। डीएम ने नामित नोडल अधिकारियों से जानकारी ली कि किन किन अधिकारियों ने गांवों का स्थलीय निरीक्षण किया गया है। विकासखंड मझगवां के (नोडल) चकबंदी अधिकारी की रिपोर्ट में एडीओ पंचायत से कार्य के बारे में जानकारी ली गई। डीएम इस जानकारी से असंतुष्ट रहे और सख्त निर्देश दिए कि कार्य को प्रभावी तरीके से धरातल पर कराया जाए। समीक्षा के दौरान पाया गया कि नामित नोडल अधिकारियों की ओर से आवंटित ग्रामों के सापेक्ष कम निरीक्षण किया जा रहा है। जिस पर डीएम ने नाराजगी व्यक्त की। नगर स्वास्थ्य अधिकारी को नगरीय क्षेत्र में एंटी लार्वा का छिड़काव करने के भी निर्देश दिए गए। बैठक में सीएमओ डॉ. विश्राम सिंह समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।।
बरेली से कपिल यादव
