फरीदपुर, बरेली। जनपद के थाना फरीदपुर क्षेत्र मे बदमाशों ने पराग मिल्क पार्लर के ताले काटकर हजारों का सामान चोरी कर लिया। पीड़ित व्यापारी ने दो लोगों को नामजद करते हुए तहरीर दी है। पराग मिल्क पार्लर में एक महीने के अंदर यह चौथी चोरी है। व्यापारी ने सीओ से मामले मे कार्रवाई की मांग की है। फरीदपुर के मोहल्ला फर्रखपुर मे रहने वाले सर्वेश गुप्ता का गौसगंज पुलिया के पास पराग मिल्क पार्लर है। सर्वेश ने बताया कि 29 अक्तूबर को बदमाशों ने पार्लर के ताले काटकर हजारों का सामान चोरी कर लिया। इसके बाद बदमाशों ने 6 और 20 नवंबर को भी चोरी की। वह तीनों वारदातों की रिपोर्ट दर्ज करा चुके हैं। एक भी घटना का पुलिस खुलासा नहीं कर सकी है। सोमवार को फिर चोरों ने पार्लर का शटर काटकर चोरी कर ली। सर्वेश सुबह पार्लर खोलने पहुंचे तो शीशे का काउंटर समेत अन्य फर्नीचर टूटा पड़ा हुआ था, जबकि बिस्कुट, नमकीन और मिल्क के प्रोडक्ट गायब थे। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने सर्वेश को खुद चोरी कराने की बात कहकर फटकारना शुरू कर दिया। इसके बाद सर्वेश सीओ संदीप कुमार सिंह के पास पहुंचे। उन्होंने फरीदपुर पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए शिकायत की। उनका कहना है कि पुलिस जानबूझकर आरोपियों को बचाने मे जुटी है। सीओ ने इंस्पेक्टर राधेश्याम को कार्रवाई के निर्देश दिए। इंस्पेक्टर ने बताया कि व्यापारी ने जिन लोगों पर आरोप लगाया है। उनसे पूछताछ की जा रही है।।
बरेली से कपिल यादव
