फरीदपुर, बरेली। गरीब मजदूर परिवार का दस महीने का मासूम जो अभी चलना भी ठीक से नही सीख पाया है। रात में अचानक गायब हो गया और चौबीस घंटे बाद बिना किसी स्पष्ट वजह के सुरक्षित घर लौट आता है। मां के पास से चोरी हुआ बच्चा रिपोर्ट दर्ज होने के 24 घंटे बाद घर से 200 मीटर दूर खाली प्लाट मे मिल गया। पुलिस ने पूछताछ के लिए मां को हिरासत में लिया है। शनिवार रात फरीदपुर के रेशम बाग कॉलोनी के रूपराम और उनकी पत्नी अनीता देवी का 10 माह का बेटा कुश उनके पास सो रहा था। सुबह चार बजे अनीता देवी की आंख खुली तो कुश उनके पास से गायब था। अनीता ने शोर मचाते हुए पति को उठाया। खोजबीन मे बच्चे का पता नही चला तो दंपती ने अज्ञात के खिलाफ अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई। एसएसपी ने फरीदपुर पुलिस के साथ क्राइम ब्रांच को खुलासे की जिम्मेदारी दी। रविवार रात दो बजे अनीता के घर से 200 मीटर दूर प्लॉट में पड़ोस की उर्मिला देवी ने बच्चे के रोने की आवाज सुनी। उन्होंने सूचना अनीता देवी को दी। सूचना पर रात मे पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने बच्चों को मां की सुपुर्दगी मे दिया। इंस्पेक्टर राधेश्याम ने बताया कि अनीता देवी से मामले मे पूछताछ की जा रही है। जांच के बाद आरोपियों पर कार्रवाई की जाएगी। इंस्पेक्टर राधेश्याम ने बताया कि जांच में पाया गया कि अनीता के दो बेटे और दो बेटियां हैं। कुश सबसे छोटा है। उसको लेकर पति-पत्नी मे अक्सर झगड़ा होता था। रूपराम प्लाईवुड फैक्ट्री मे काम करते थे। जबकि बच्चों के जन्म से पहले अनीता भी एक कंपनी मे काम करती थी। बच्चों के जन्म से चार महीने पहले अनीता देवी ने नौकरी छोड़ दी और वह घर रहने लगी।।
बरेली से कपिल यादव
